कालाढूंगी रेंज में मिला बाघ का शव, बीमारी से मौत की आशंका
रामनगर। वन प्रभाग के कालाढूंगी रेंज में मंगलवार शाम एक बाघ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान चकलुवा बीट के कंपार्टमेंट संख्या 2सी में निगम डिपो प्लॉट नंबर 1 पर कर्मचारियों ने बाघ का शव देखा। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया ने बताया कि मृत बाघ नर था जिसकी उम्र लगभग 6 से 7 वर्ष आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में बाघ के सभी अंग सुरक्षित मिले हैं और किसी बाहरी चोट या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले। प्रथम दृष्टया उसकी मौत बीमारी से होने की आशंका जताई जा रही है।
पोस्टमार्टम वरिष्ठ वन चिकित्सकों डॉ. नीरज और डॉ. राजीव की देखरेख में किया गया। दोनों डॉक्टरों के पैनल ने बारीकी से शव की जांच की और आवश्यक नमूने विसरा परीक्षण के लिए बरेली की प्रयोगशाला भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पारदर्शिता के साथ सभी प्रक्रिया पूरी की गई और पोस्टमार्टम के बाद बाघ के शव को सुरक्षित तरीके से जलाकर नष्ट कर दिया गया।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से जंगल में किसी भी असामान्य घटना की जानकारी तुरंत देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यह घटना वन्यजीव संरक्षण को प्रभावित नहीं करेगी, लेकिन अंतिम निष्कर्ष विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।


