गजब: पिथौरागढ़ के इस स्कूल में चपरासी बना प्रिंसिपल

पिथौरागढ़ के इस स्कूल में चपरासी बना प्रिंसिपल

पिथौरागढ़। मुनस्यारी विकासखंड के जीआईसी खतेड़ा विद्यालय से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थायी प्रधानाचार्य न होने और आंदोलनरत शिक्षकों द्वारा दायित्व न संभालने के निर्णय के बाद विद्यालय का प्रभार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को सौंप दिया गया है।

जानकारी के अनुसार हिंदी के प्रवक्ता छोटे सिंह को अस्थायी रूप से प्रभारी प्रधानाचार्य बनाया गया था। लेकिन, शिक्षक संघ के आंदोलन के तहत उन्होंने पठन-पाठन और विभागीय काम से इंकार कर दिया और पद से इस्तीफा दे दिया।

ऐसे में विद्यालय में अन्य कोई विकल्प न होने से तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी राजू गिरी को प्रधानाचार्य का दायित्व सौंप दिया गया।

खंड शिक्षा अधिकारी दिगंबर आर्या ने इसे गलत फैसला करार दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को आंदोलन के नाम पर छात्र और विभागीय हित से खिलवाड़ नहीं करना चाहिए।

यदि प्रभारी प्रधानाचार्य को चार्ज छोड़ना था तो उन्हें संबंधित अधिकारी से संपर्क करना चाहिए था। इस मामले में जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।