सहारनपुर चौक से लालपुल तक सड़क खस्ताहाल, व्यापारियों ने जताई नाराज़गी
देहरादून। राजधानी देहरादून में सहारनपुर चौक से लेकर लालपुल तक की सड़क की जर्जर हालत को लेकर व्यापारियों ने नाराज़गी जताई है। दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के पटेल नगर अध्यक्ष अमरदीप सिंह (बींकू) के कार्यालय में व्यापारियों की बैठक हुई, जिसमें सड़क की स्थिति और आए दिन हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की गई।
व्यापारियों ने कहा कि सड़क पर गड्ढों और धूल-मिट्टी के कारण राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने मांग की कि इस मार्ग की मरम्मत तत्काल कराई जाए, जिससे हादसों पर रोक लग सके और लोगों को राहत मिले।
पटेल नगर अध्यक्ष अमरदीप सिंह ने इस विषय की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष पंकज मैसोंन को दूरभाष पर दी। साथ ही युवा व्यापारी सिद्धार्थ गुप्ता ने सड़क की तस्वीरें और वीडियो भेजकर स्थिति से अवगत कराया।
इस पर पंकज मैसोंन ने आश्वासन दिया कि वे संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और आम जनता को इस समस्या से शीघ्र निजात दिलाई जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से सुमित कुमार, दीपक चांदना, पवन मेहंदीरत्ता, बलजीत सिंह, प्रवीण माटा, निखिल वर्मा, राहुल माटा, दिवेश माटा, सार्थक गुप्ता, शिवांश गुप्ता, सेबी बग्गा, गुरनीत गुलाटी और खरनजीत सिंह मौजूद रहे।



