बिग ब्रेकिंग: विधवा माला के हक में प्रशासन सख्त। कैनफिन बैंक की संपत्ति कुर्क, 23 अगस्त को नीलामी

विधवा माला के हक में प्रशासन सख्त। कैनफिन बैंक की संपत्ति कुर्क, 23 अगस्त को नीलामी

  • कैनफिन होम लि० की सम्पत्ति कुर्क, 23 अगस्त को होगी नीलामी
  • विधवा माला को प्रताड़ित करने पर बैंक प्रबन्धक की ₹22 लाख की आरसी कटी
  • सीएम संकल्प के अनुरूप निर्बल जनों के हक-हकूक की रक्षा के लिए प्रशासन सख्त

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने निर्बल आश्रितों को प्रताड़ित करने वाले बैंकों पर कड़ा रुख अपनाया है। पति की मृत्यु के उपरांत ऋण बीमा होने के बावजूद विधवा माला देवी को परेशान करने पर कैनफिन होम लि0 के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

जिला प्रशासन ने बैंक की संपत्ति कुर्क कर दी है और 23 अगस्त को उसकी नीलामी निर्धारित की गई है। साथ ही, बैंक प्रबन्धक की ₹22 लाख की आरसी काटी गई है।

मामला

चुक्खुवाला निवासी माला देवी ने जिलाधिकारी को शिकायत दी थी कि उनके पति स्व. उदय शंकर ने मकान क्रय हेतु कैनफिन लि० से ₹20 लाख का ऋण लिया था, जिसका बीमा भी कराया गया था। अब तक लगभग ₹12.22 लाख की किस्त भी जमा की जा चुकी थी। लेकिन 20 जनवरी 2025 को उनके पति की मृत्यु हो गई।

इसके बावजूद बीमा कम्पनी और बैंक द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई और उल्टा माला देवी को परेशान किया गया। इससे उनके दोनों नौनिहालों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही थी।

प्रशासन की कार्रवाई

जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से कैनफिन होम लि० जीएमएस रोड शाखा के प्रबन्धक की ₹22 लाख की आरसी काट दी थी। अब बैंक की संपत्ति कुर्क कर 23 अगस्त को नीलामी निकाली जा रही है।

सख्त संदेश

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री के संकल्प के अनुरूप जिला प्रशासन निर्बल जनों के अधिकारों और हक की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगा।

जनमानस को गुमराह और परेशान करने वाले बैंकों पर लगातार कड़े और बड़े फैसले लिए जा रहे हैं। इससे जहां आमजन को राहत मिल रही है, वहीं दोषी संस्थानों में प्रशासन का खौफ भी बढ़ रहा है।