दर्दनाक हादसा: ऑपरेशन से लौटते वक्त CRPF वाहन खाई में गिरा। तीन जवान शहीद, 15 घायल

ऑपरेशन से लौटते वक्त CRPF वाहन खाई में गिरा। तीन जवान शहीद, 15 घायल

जम्मू-कश्मीर। उधमपुर जिले के बसंतगढ़ क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि 15 अन्य घायल हो गए।

यह दुर्घटना उस समय हुई जब सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन का वाहन एक ऑपरेशन से लौटते वक्त कंदवा क्षेत्र में सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। वाहन में कुल 23 जवान सवार थे।

जैसे ही हादसे की खबर फैली, स्थानीय लोग, प्रशासन और बचाव टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं और राहत कार्य शुरू किया। दो जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे ने इलाज के दौरान अस्पताल में शहादत पाई। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

राज्यपाल व केंद्रीय मंत्री ने जताया शोक

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि, “राष्ट्र के प्रति जवानों की सेवा को भुलाया नहीं जा सकता।” उन्होंने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

उपराज्यपाल कार्यालय ने अधिकारियों को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधा व सहायता तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी घटना पर दुख जताया और बताया कि उन्होंने उधमपुर की जिलाधिकारी सलोनी राय से बात की है, जो खुद मौके पर राहत कार्य की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और स्थानीय लोग भी इसमें सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।

यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि दुर्गम क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बल किस प्रकार विषम परिस्थितियों में राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। शहीद जवानों के प्रति देश कृतज्ञ है।