अपडेट: मनसा देवी मंदिर भगदड़ में घायल महिला की एम्स में मौत, मृतकों की संख्या पहुंची 9

मनसा देवी मंदिर भगदड़ में घायल महिला की एम्स में मौत, मृतकों की संख्या पहुंची 9

  • एम्स में अब भी पांच घायल भर्ती, दो वेंटिलेटर पर

हरिद्वार। मनसा देवी मंदिर भगदड़ में एक और महिला की मौत हो गई। 55 साल की गंभीर घायल बाराबंकी निवासी फूलमती भगदड़ में घायल हो गई थी और उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल से एम्स रैफर किया गया था।

एम्स में तभी से वो वेंटीलेटर सपोर्ट पर थी। बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित ने इसकी पुष्टि की है। वहीं मरने वालों की संख्या बढ़कर अब नौ हो गई है।

वहीं एम्स प्रशासन के अनुसार अभी भी एम्स में पांच मरीज भर्ती हैं, जिनमें दीक्षा और उनकी चार साल की बेटी अकांक्षी निवासी रामपुर यूपी को वेटिलेंटर सपोर्ट पर रखा गया है। जबकि दो अन्य को आक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। वहीं एक की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बीते रविवार की सुबह मनसा देवी मंदिर के पैदल मार्ग पर करंट की अफवाह से भगदड़ मच गई थी। जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 45 अन्य घायल हुए थे। 15 गंभीर घायलों को एम्स रेफर किया गया था। इनमें से नौ लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया था। 55 साल की फूलमती की बुधवार को मौत हो गई।

इस मामले में पुलिस ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जबकि प्रशासन ने एहतियातन मंदिर के पीछे वाले गेट से एंट्री बंद कर दी है। पैदल मार्ग को वन-वे कर दिया है। वहीं अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान जारी है।