उत्तराखंड पुलिस में बड़े प्रमोशन की तैयारी। PPS अफसरों को मिल सकता है तोहफा
- सीओ से लेकर अपर पुलिस अधीक्षक तक कई पदों पर हो सकती है पदोन्नति, ACR रिकॉर्ड तैयार
देहरादून। उत्तराखंड में प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के अधिकारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया रफ्तार पकड़ चुकी है। शासन और पुलिस मुख्यालय दोनों स्तरों पर इस दिशा में ज़ोर-शोर से तैयारी चल रही है। सूत्रों के अनुसार, इस बार बड़ी संख्या में इंस्पेक्टरों से लेकर सीओ और अपर पुलिस अधीक्षकों तक के रिक्त पदों पर प्रमोशन की उम्मीद है।
पुलिस मुख्यालय और शासन स्तर पर एक साथ तैयारी
प्रांतीय पुलिस सेवा के अफसरों को प्रमोशन देने को लेकर फाइलें तेजी से आगे बढ़ रही हैं। पुलिस मुख्यालय से लेकर सचिवालय स्तर तक संबंधित अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) को खंगाला जा रहा है और पूरी औपचारिकता जल्द पूरी होने की संभावना है।
11 इंस्पेक्टर बन सकते हैं सीओ
वर्तमान चयन वर्ष में 11 इंस्पेक्टरों को उप पुलिस अधीक्षक (CO) के पद पर प्रमोशन मिलने की संभावना है। इनमें 9 पद नागरिक पुलिस में, 1 पद अभिसूचना विभाग में,1 पद पीएसी (PAC) में रिक्त चल रहे हैं।
नागरिक पुलिस में जहां सेवानिवृत्ति और पूर्व पदोन्नति के चलते रिक्तियों की संख्या बढ़ी है, वहीं अभिसूचना और PAC संवर्ग में एक-एक पद खाली हो रहा है।
15 सीओ बनेंगे उपाधीक्षक
प्रांतीय पुलिस सेवा में अगले स्तर पर भी बड़े प्रमोशन की संभावना है। राज्य के 15 CO अधिकारियों को ज्येष्ठ उपाधीक्षक (Senior DSP) पद पर पदोन्नति दी जा सकती है। यह पदोन्नति सीनियरिटी और सेवा अवधि के आधार पर की जाएगी, जिसमें सभी संवर्गों को शामिल किया जाएगा।
13 अपर पुलिस अधीक्षक पद होंगे खाली
वर्तमान में अपर पुलिस अधीक्षक (Additional SP) के 9 पद रिक्त हैं। चयन वर्ष के दौरान प्रमोशन और रिटायरमेंट के चलते यह संख्या 13 तक पहुंच सकती है। इन पदों को भरने के लिए भी डीपीसी (विभागीय पदोन्नति समिति) की बैठक जल्द प्रस्तावित है।
8900 ग्रेड पे के दो नए पद, प्रमोशन पर संशय
इस बार PPS संवर्ग में पहली बार 8,900 ग्रेड पे के दो नए पद सृजित किए गए हैं, लेकिन सेवा नियमों के अनुसार आवश्यक अनुभव के अभाव में इन पर पदोन्नति फिलहाल टल सकती है।
इन पदों के लिए:
- PPS के रूप में 18 साल की सेवा और 8,700 ग्रेड पे पर 3 साल का अनुभव जरूरी है।
- फिलहाल इस श्रेणी में शाहजहां अंसारी और जगदीश चंद्र सबसे सीनियर बताए जा रहे हैं।
मुख्य सचिव की सख्ती से प्रक्रिया को मिल रही गति
मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने रिक्त पदों को जल्द भरने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि अगस्त के पहले सप्ताह में डीपीसी की बैठक आयोजित कर कई अफसरों को प्रमोशन का तोहफा दिया जा सकता है।
संभावित पदोन्नति की प्रमुख झलक
- इंस्पेक्टर से CO 11 अधिकारी
- CO से वरिष्ठ उपाधीक्षक 15 अधिकारी
- वरिष्ठ उपाधीक्षक से अपर SP 13 पद तक खाली
- PPS → 8900 ग्रेड पे 2 पद सृजित (अर्हता लंबित)