बड़ी खबर: भानियावाला फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा। कांवड़ यात्रा में गई दो की जान, तीन घायल

भानियावाला फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा। कांवड़ यात्रा में गई दो की जान, तीन घायल

देहरादून। कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा भानियावाला फ्लाईओवर पर सामने आया है। हरिद्वार से देहरादून की ओर जा रहे पांच कांवड़ियों की बाइक फ्लाईओवर पर डिवाइडर से टकरा गई।

इस दर्दनाक टक्कर में दो कांवड़ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्प्लेंडर बाइक पर सवार पांचों कांवड़िए तेज रफ्तार में थे। फ्लाईओवर पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। दो गंभीर रूप से घायलों को दून अस्पताल जबकि एक को सीएचसी डोईवाला में भर्ती कराया गया है।

डोईवाला कोतवाल कमल कुमार लुंठी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि, “बाइक के डिवाइडर से टकराने से दो कांवड़ियों की मौत हुई है। बाकी घायलों का उपचार चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी कांवड़िए रायपुर (छह नंबर पुलिया) क्षेत्र के रहने वाले हैं।”

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।