विशेष रिपोर्ट: क्या दोबारा महेंद्र भट्ट को मिलेगी भाजपा अध्यक्ष की कमान। पढ़ें इस खास खबर में….

क्या दोबारा महेंद्र भट्ट को मिलेगी भाजपा अध्यक्ष की कमान। पढ़ें इस खास खबर में….

देहरादून। जो तुमको हो पसंद वही बात कहेंगे, तुम दिन को अगर रात कहो तो रात कहेंगे…और महेंद्र एक बार फिर बाहुबली साबित हो गए। वह दूसरी बार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे। क्योंकि, देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष के लिए कराए गए नामांकन में महेंद्र भट्ट ही एकमात्र मैदान में नजर आए।

गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के बीच राजनीतिक संतुलन कोई नई बात नहीं है। उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राजपूत हैं तो दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने जा रहे गढ़वाल मंडल के महेंद्र भट्ट ब्राह्मण चेहरा हैं।

हालांकि, उनके लिए मैदान खाली होना एकमात्र यही आधार नहीं है। महेंद्र भट्ट और उनके नेतृत्व में प्रदेश संगठन की सरकार के साथ स्वाभाविक नरमी और बिना सवाल स्वीकारोक्ति भी बड़ा कारण है।

महेंद्र भट्ट राजयसभा सदस्य भी हैं और वह एकमात्र ऐसे नेता बनने जा रहे हैं, जिन्हें दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी मिलेगी। वह 30 जुलाई 2022 से उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी संभाल रहे हैं।

इस अवधि में कई ऐसे मौके आए और विरोधियों ने अपनी चाल से सीएम धामी की धमक को कम करने की कोशिश की, लेकिन प्रदेश संगठन ने हर बार अपना भरोसा बनाए रखा। ऐसे में महेंद्र के बाहुबली बनने की राह तय ही मानी जा रही थी।

महेंद्र के सियासी सफर के पर नजर

  • जन्म: 1971 में सीमांत जिले चमोली के ब्राह्मण थाला में हुआ
  • राजनीतिक करियर: 1991 में शुरू किया
  • राजनीति के साथ ही कई आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी।
  • रामजन्मभूमि आंदोलन में भी सक्रिय भूमिका निभाई, इस दौरान वह 15 दिन पौड़ी के कांसखेत में जेल में रहे।
  • उत्तराखंड राज्य आंदोलन में पांच दिन पौड़ी जेल में रहे।
  • वर्ष 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश सह मंत्री, जिला संयोजक, जिला संगठन मंत्री, विभाग संगठन मंत्री का दायित्व संभाला।
  • वर्ष 1997 में भाजपा युवामोर्चा का प्रदेश सह मंत्री रहे।
  • वर्ष 1998 से 2000 में उत्तरांचल युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री का दायित्व संभाला।
  • वर्ष 2000 से 2002 में राज्य निर्माण के समय उत्तरांचल प्रदेश युवामोर्चा का प्रथम प्रदेश अध्यक्ष रहे।
  • वर्ष 2002 से 2007 तक नंदप्रयाग विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक रहे।
  • वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार मिली।
  • वर्ष 2017 में उन्होंने बदरीनाथ विधानसभा सीट से जीत हासिल की।
  • वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें फिर हार का सामना करना पड़ा।
  • 30 जुलाई 2022 को उत्तराखंड के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला।
  • 02 अप्रैल 2024 को बीजेपी ने महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड राज्यसभा सदस्य बनवाया।

उत्तराखंड में भाजपा प्रदेश अध्यक्षों का सफर

  • पुरन चंद्र शर्मा- 9 नवंबर 2000 से 14 सितंबर 2002
  • मनोहर कांत ध्यानी- 15 सितंबर 2000-2004
  • भगत सिंह कोश्यारी -2004-2007
  • बच्ची सिंह रावत- 2007-12 जुलाई 2009
  • बिशन सिंह चुफाल- 13 जुलाई 2009 – 8 फरवरी 2013
  • तीरथ सिंह रावत- 9 फरवरी 2013 – 31 दिसंबर 2015
  • अजय भट्ट- 1 जनवरी 2016 – 15 जनवरी 2020
  • बंशीधर भगत- 16 जनवरी 2020 – 12 मार्च 2021
  • मदन कौशिक -12 मार्च 2021 – 30 जुलाई 2022
  • महेंद्र भट्ट -30 जुलाई 2022 – वर्तमान में सफर जारी