Weather Update: मौसम ने बदली करवट, पहाड़ों में बढ़ी ठंड। इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम ने बदली करवट, पहाड़ों में बढ़ी ठंड। इन जिलों में बारिश के आसार

Weather Update: उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच धीरे-धीरे तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़नी शुरू हो गई है। पर्वतीय इलाकों में जहां सर्द हवाएं चलने से कड़ाके की सर्दी ने दस्तक दे दी है।

वहीं मैदानी क्षेत्रों में सुबह शाम हल्की ठंड के साथ ही दोपहर में तपिश बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे में कुमाऊँ मंडल के पर्वतीय जनपदों में हल्की बूंदाबांदी के अलावा प्रदेश में शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज बृहस्पतिवार 17 अक्टूबर को प्रदेश के पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।

वहीं कुछ स्थानों में सुबह के समय आंशिक बादल-कोहरा और धुंध छाए रहने के अलावा मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि, फिलहाल अगले चार-पांच दिन प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। उन्होंने बताया पर्वतीय इलाकों में कहीं कहीं आआंशिक तौर पर बादल कोहरा और बूंदाबांदी के अलावा प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

पहाड़ों में बढ़ी ठंड

पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सर्द होने लगा है। कुमाऊं के चंपावत, लोहाघाट और नैनीताल के मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में दिन के समय भी लोग स्वेटर पहनने लगे है जबकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ही हल्की ठंड पड़ रही है।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओस गिरने लगी है जिससे तापमान में कमी आई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार अक्टूबर महीने में मुक्तेश्वर का न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस रहता है। आने वाले दिनों में तापमान में और कमी आने की संभावना है।

पिथौरागढ़ में मौसम बिगड़ने से हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग

देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के हेलिकॉप्टर की पिथौरागढ़ के रालम में इमरजेंसी लैंडिंग करना पड़ी। बताया जा रहा है कि बुधवार को खराब मौसम के कारण उनके चॉपर को आपात स्थिति में एक खेत में उतारना पड़ा।

मुख्म निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार और उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय जोगदंडे पिथौरागढ़ के मिलम ट्रैकिंग पर जाना चाह रहे थे। उनका हेलिकॉप्टर देहरादून से मुन्स्यारी जा रहा था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया।

मौसम में खराबी के चलते पॉयलट के लिए हेलिकॉप्टर की आगे ले जाना मुश्किल हुआ। ऐसे में हेलिकॉप्टर की मिलम से पहले रालम में एक खेत में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने कहा कि दोनों अधिकारी सुरक्षित हैं।

तापमान की स्थिति

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, पंतनगर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं नई टिहरी का अधिकतम तापमान 22.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।