गजब: इधर जॉइनिंग, उधर 06 माह से छुट्टी पर बैठी श्रीनगर के उप जिला चिकित्सालय की स्त्री रोग विशेषज्ञ 

इधर जॉइनिंग, उधर 06 माह से छुट्टी पर बैठी श्रीनगर के उप जिला चिकित्सालय की स्त्री रोग विशेषज्ञ 

पौड़ी। श्रीनगर गढ़वाल के राजकीय संयुक्त उप जिला चिकित्सालय में पिछले 6 माह से स्त्री रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर हैं। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ न होने के कारण गर्भवती महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं राजकीय बेस अस्पताल श्रीकोट (श्रीनगर) पर पहले से ही पौड़ी समेत चार जिलों के मरीजों का भार है। ऐसे में गर्भवती महिलाएं 150 किलोमीटर दूर देहरादून या ऋषिकेश जाने को मजबूर है।

उप जिला अस्पताल श्रीनगर में 6 माह पहले एक स्त्री रोग विशेषज्ञ की जॉइनिंग हुई थी, लेकिन वह पिछले 6 माह से छुट्टी पर हैं। हाल ही में एक और स्त्री रोग विशेषज्ञ के पद पर जॉइनिंग हुई है, लेकिन उसने भी अभी तक जॉइन नहीं किया है। ऐसे में अब अन्य जिलों से श्रीनगर आने वाली गर्भवती महिलाओं को अन्यत्र जाना पड़ रहा है।

वहीं उप जिला अस्पताल श्रीनगर के चिकित्सा अधीक्षक गोविंद पुजारी ने बताया कि, गर्भवती महिलाएं तो OPD में आ रही हैं और सामान्य डिलीवरी भी की जा रही है, लेकिन सिजेरियन डिलीवरी नहीं हो पा रही है। ऐसे में मरीजों को कहीं और जाना पड़ रहा है।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गोविंद पुजारी ने बताया कि, एक स्त्री रोग विशेषज्ञ की जॉइनिंग हुई है, लेकिन उन्होंने अभी तक जॉइन नहीं ली है। जो स्थायी तौर पर स्त्री रोग विशेषज्ञ थी, वो पिछले 6 महीने से अवकाश पर हैं।

अस्पताल प्रशासन की ओर से आलाधिकारियों को सूचित भी किया गया है। नई जॉइनिंग के बारे में भी मौखिक तौर पर पौड़ी CMO को सूचित कर दिया गया है। अभी ज्वॉइनिंग में समय है। जल्द ही उप जिला अस्पताल को स्त्री रोग विशेषज्ञ मिल जाएगी।

वहीं सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र चौहान ने बताया कि, संयुक्त उप जिला अस्पताल श्रीनगर में पिछले 6 माह से स्त्री रोग विशेषज्ञ नहीं है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं को दिक्कतें हो रही हैं। बेस अस्पताल में पहले ही मरीजों की भारी संख्या रहती है। जहां पौड़ी समेत अन्य तीन और जिलों के भी मरीज आते हैं।