Weather Update: आज पहाड़ी और मैदानी जिलों में ऐसा रहेगा मौसम का हाल। पढ़ें….

आज पहाड़ी और मैदानी जिलों में ऐसा रहेगा मौसम का हाल। पढ़ें….

Weather Update: उत्तराखंड में आज मौसम का रंग बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के आठ जनपदों में आंशिक तौर पर बादल के साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहने के आसार हैं।

आज का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी लेटेस्ट पूर्वानुमान के मुताबिक आज मंगलवार 11 जून को राज्य के कुमाऊं मंडल के जनपदों अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, उधम सिंह नगर और नैनीताल के अलावा गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी चमोली और रुद्रप्रयाग जिले में कहीं-कहीं गर्जन वाले बादल विकसित होने के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

वहीं कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने के आसार भी जताए गए हैं जबकि शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मैदानी इलाकों में दोपहर को तापमान 40 डिग्री के पार रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक फिलहाल 14 जून तक राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है उन्होंने बताया कुमाऊं और गढ़वाल के मैदानी इलाकों और घाटियों में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है तथा इस दौरान लू से बचाव को लेकर विशेष सावधानी बरतने की एडवाइजरी भी जारी की गई है।

तापमान की स्थिति

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटे में उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस जबकि मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं देहरादून सहित अन्य मैदानी इलाकों में भी तापमान 41 डिग्री के पार रहा।

देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 41.4 और न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 40.4 और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा है।