Weather Update: प्रदेश के मैदानी इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी। पढ़ें….

प्रदेश के मैदानी इलाकों में हीटवेव का अलर्ट जारी। पढ़ें….

Weather Update: उत्तराखंड में शुष्क मौसम के बीच एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है अधिकतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में 14 जून तक बारिश के आसार नहीं हैं और चटख धूप के कारण गर्मी बेहाल कर सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने मैदानी इलाकों में आज से हीटवेव का अलर्ट जारी कर दिया है। देहरादून सहित मैदानी इलाकों में पारा दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ने के आसार हैं वहीं पर्वतीय जनपदों में आंशिक बादल के साथ ही बूंदाबांदी के आसार बने रहेंगे।

आज का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक आज सोमवार 10 जून को उत्तराखंड राज्य के पिथौरागढ़, बागेश्वर रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी सहित टिहरी जिले में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी और झोंकेंदार हवाएं चलने की संभावना है जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।

अगले 5 दिन बढ़ेगा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक उत्तराखंड राज्य में अगले 5 दिन यानी 14 जून तक मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।

उन्होंने बताया मैदानी इलाकों में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक तापमान में बढ़ोतरी होने से हीटवेव की स्थिति बनेगी जबकि उत्तरकाशी चमोली, रुद्रप्रयाग, चारधाम सहित पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले में हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहेगा।

मौसम निदेशक के मुताबिक 15 जून के आसपास राज्य में प्री मानसून की गतिविधियां शुरू होने की संभावना है जिससे हल्की बारिश के चलते गर्मी से राहत मिलेगी।

मैदानी इलाकों में 40 डिग्री पहुंच तापमान

उत्तराखंड में मौसम फिर शुष्क हो गया है और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से तापमान भी चढ़ने लगा है। शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में दिनभर चटख धूप खिली और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया।

पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रहे, लेकिन वर्षा नहीं हुई। न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई है वहीं दिन में चटख धूप के कारण तपिश बढ़ गई है।

तापमान की स्थिति

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 40.1 और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पंतनगर का अधिकतम तापमान 39.4 और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 29.8 और न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी का अधिकतम तापमान 28.8 और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा है।