बिग ब्रेकिंग: लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज 13 राज्यों की 88 सीटों के लिए चुनाव जारी। कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज 13 राज्यों की 88 सीटों के लिए चुनाव जारी। कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज (26 अप्रैल) 13 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों के लिए चुनाव जारी है। इस दौरान 15.88 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

इनमें 8.08 करोड़ पुरुष, 7.8 करोड़ महिला और 5,929 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं। केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है।

कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की आठ, मध्य प्रदेश की छह, असम की पांच, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की तीन, पश्चिम बंगाल की तीन और त्रिपुरा, मणिपुर एवं जम्मू कश्मीर की एक-एक सीट सहित 88 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।

इसमें मणिपुर बाहरी सीट के तहत कुछ विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा के लिए मतदान पहले चरण में हो चुका है, जबकि अन्य विधानसभा क्षेत्र में आज मतदान हो रहा है।

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज यानी शुक्रवार (26 अप्रैल) को शुरू हो गया है। इसके साथ ही 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 88 सीटों पर चुनाव लड़ रहे कुल 1202 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

जिन 88 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से कई सीटें ऐसी हैं जहां से दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें वायनाड से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, छह केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष और कई पूर्व मंत्री शामिल हैं।

राहुल गांधी: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं। राहुल 2019 में यहां से जीते थे। इस बार उनका मुकाबला भाजपा के के. सुरेंद्रन और भाकपा की एनी राजा से है। 2019 में वायनाड लोकसभा सीट पर 80.37% मतदान हुआ था।

राजीव चंद्रशेखर बनाम शशि थरूर: केरल की तिरुवनंतपुरम सीट पर सियासी लड़ाई भी दिलचस्प है। कांग्रेस ने यहां से एक बार फिर से शशि थरूर को टिकट दिया है।

वहीं, भाजपा ने यहां से केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर को मैदान में उतारा है। राजीव चंद्रशेखर राज्यसभा सांसद रह चुके हैं और अब लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

राज्य की सत्ता पर काबिज वाम दलों की ओर से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पन्नियन रवींद्रन तिरुवनंतपुरम सीट पर उम्मीदवार हैं। 2019 में यहां कांग्रेस से शशि थरूर को जीत मिली थी। पिछले चुनाव में यहां 73.74% मतदान हुआ था।

हेमा मालिनी: उत्तर प्रदेश की चर्चित सीटों में शुमार मथुरा से फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी चुनाव लड़ रही हैं। वह तीसरी बार भाजपा के टिकट पर चुनाव में उतरी हैं। वर्तमान में हेमा मालिनी मथुरा लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व भी कर रही हैं। उनके सामने इस बार कांग्रेस से मुकेश धनगर और बसपा से सुरेश सिंह की दावेदारी है।

हालांकि, पहले चर्चा थी कि हेमा मालिनी के सामने कांग्रेस बॉक्सर विजेंदर सिंह को उतारेगी लेकिन बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए। 2019 में मथुरा लोकसभा सीट पर भाजपा के टिकट पर हेमा मालिनी को जीत मिली थी। उस चुनाव में यहां कुल 61.08% लोगों ने मतदान किया था।

अरुण गोविल: उत्तर प्रदेश की एक और हॉट सीट मेरठ है, जहां से अभिनेता अरुण गोविल किस्मत आजमा रहे हैं। गोविल वही अभिनेता हैं जिन्होंने 80 के दशक में दूरदर्शन पर आए रामायण धारावाहिक में भगवान राम की भूमिका निभाई थी। इस चुनाव में अरुण गोविल भगवान राम की तस्वीरों के साथ चुनाव प्रचार करते दिखे।

उनके प्रचार अभियान में रामायण में मां सीता बनीं दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले सुनील लहरी भी जुड़े। इस चुनाव में अरुण गोविल के सामने सपा से सुनीता वर्मा और बसपा से देवव्रत त्यागी मैदान में हैं।

दानिश अली: उत्तर प्रदेश की अमरोहा सीट भी इस बार चर्चा में है। पिछले चुनाव में इस सीट पर बसपा से चुनाव जीतने वाले दानिश अली इस बार कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। अमरोहा सांसद दानिश अली हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए थे।

इससे पहले बसपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते दानिश को पार्टी से निकाल दिया था। इस चुनाव में दानिश का सामना भाजपा के कंवर सिंह तंवर और बसपा के मुजाहिद हुसैन से है। 2019 में अमरोहा सीट पर 71.05% मतदान दर्ज किया गया था।

केसी वेणुगोपाल: कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल की दावेदारी ने केरल की अलप्पुझा सीट को चर्चित बना दिया है। एआईसीसी महासचिव (संगठन) और राहुल गांधी के करीबी सहयोगी इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अलप्पुझा राज्य की एकमात्र लोकसभा सीट है जो 2019 में वाम दलों के पास थी।

2019 में कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने राज्य की 20 में से 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस चुनाव में वेणुगोपाल के सामने माकपा से एएम आरिफ और भाजपा से शोभा सुरेंद्रन हैं। 2019 में अलप्पुझा सीट पर माकपा के एएम आरिफ को सफलता मिली थी। उस चुनाव में 80.35% मतदान दर्ज किया गया था।

पप्पू यादव: 40 लोकसभा सीटों वाले बिहार में इस बार पूर्णिया सीट की खूब चर्चा है। पूर्णिया से पूर्व सांसद पप्पू यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया है, जिससे इस सीट का मुकाबला दिलचस्प हो गया है। पप्पू यादव कांग्रेस के टिकट पर यहां से चुनाव लड़ना चाहते थे लेकिन महागठबंधन में बात नहीं बनी।

इसी प्रयास में कुछ दिन पहले पूर्व सांसद ने अपनी पार्टी जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) का कांग्रेस में विलय भी किया था। राजद ने यहां बीमा भारती को टिकट देकर पप्पू यादव के प्रयासों पर विराम लगा दिया। अंततः पप्पू यादव निर्दलीय ही चुनाव मैदान में उतर गए हैं।

ओम बिड़ला: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला की उम्मीदवारी से राजस्थान की कोटा सीट भी चर्चित सीटों में शुमार है। यहां से बिड़ला एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। 2024 के चुनाव में ओम बिड़ला का सामना कांग्रेस के प्रह्लाद गुंजल से है। 2019 में कोटा से बिड़ला को जीत मिली थी। उस चुनाव में कोटा सीट पर 70.22% मतदान हुआ था।

भूपेश बघेल: छत्तसीगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी दूसरे चरण में मैदान में हैं। बघेल राजनांदगांव सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। वर्तमान में वह पाटन से कांग्रेस के विधायक हैं। 2019 में राजनांदगांव से भाजपा के संतोष पांडे जीते थे। इस बार भी पांडे भाजपा उम्मीदवार हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में राजनांदगांव सीट पर 76.20% मतदान हुआ था।

वी. मुरलीधरन: दूसरे चरण में केंद्र सरकार के छह मंत्रियों की किस्मत भी दांव पर लगी है। इनमें एक नाम है विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन। वी. मुरलीधरन केरल की आटिंगल सीट से भाजपा उम्मीदवार हैं। मुरलीधरन महाराष्ट्र से राज्यसभा के सांसद रहे हैं।

2019 में आटिंगल से कांग्रेस के अदूर प्रकाश को सफलता मिली थी। इस बार मुरलीधरन के सामने कांग्रेस से अदूर प्रकाश और माकपा से वी. जॉय हैं। 2019 में आटिंगल सीट पर 74.48% लोगों ने वोटिंग की थी।

सीपी जोशी, भाजपा: इस चुनाव में राजस्थान में चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट की लड़ाई भी दिलचस्प है। भाजपा ने यहां प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी को चुनावी मैदान में उतारा है जो पिछले दो चुनाव से जीत रहे हैं।

वहीं, कांग्रेस ने उदयलाल आंजना को चुनावी रण में भेजा है। पिछले चुनाव में चित्तौड़गढ़ सीट पर भाजपा के सीपी जोशी को जीत मिली थी। 2019 में इस सीट पर 72.39% मतदान हुआ था।

दुष्यंत सिंह: राजस्थान की झालावाड़-बारां सीट पर भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह को उतारा है। इस सीट पर दुष्यंत सिंह का मुकाबला कांग्रेस की उर्मिला जैन भाया से है। 2019 में झालावाड़-बारां सीट पर दुष्यंत सिंह को जीत मिली थी। 2019 में इस सीट पर 71.96% मतदान हुआ था।

नवनीत राणा: इस चुनाव में लोगों की निगाहें महाराष्ट्र के अमरावती सीट पर भी हैं। भाजपा ने यहां मौजूदा सांसद नवनीत राणा को मैदान में उतारा है, जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुई थीं। इस चुनाव में नवनीत का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार बलवंत वानखेड़े से है।

नवनीत राणा ने 2019 का चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीता था। उस चुनाव में अमरावती सीट पर 60.76% लोगों ने अपने मताधिकार इस्तेमाल किया था।

गजेंद्र सिंह शेखावत: केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत अपनी परंपरागत जोधपुर सीट से एक बार फिर से चुनाव मैदान में हैं। शेखावत यहां से लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुके हैं।

2019 में उन्होंने इस सीट पर तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे और कांग्रेस उम्मीदवार वैभव गहलोत को हराया था। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस के करण सिंह से है। 2019 में लोकसभा सीट पर 68.89% मतदान हुआ था।

वैभव गहलोत: राजस्थान की जालौर सीट पर कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत को उतारा है। वैभव के सामने भाजपा ने लुंबाराम को उतारा है। 2019 में जालौर सीट पर भाजपा के देवजी पटेल ने जीत दर्ज की थी। उस चुनाव में जालोर सीट पर पर 65.74% मतदान हुआ था।

तेजस्वी सूर्या: कर्नाटक की बंगलूरू दक्षिण सीट भी चुनावों में प्रतिष्ठित सीट मानी जाती है। यहां से भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस की सौम्या रेड्डी हैं जो कर्नाटक के परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी की बेटी हैं।

मजबूत राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली सौम्या विधायक रह चुकी हैं। 2019 में बंगलूरू दक्षिण सीट पर तेजस्वी सूर्या जीते थे। उस चुनाव में कुल 53.70% मतदान हुआ था।