Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी। मैदानों में कोहरे और शीतलहर ने बढ़ाई ठंड, आमजन परेशान

पहाड़ों में बर्फबारी। मैदानों में कोहरे और शीतलहर ने बढ़ाई ठंड, आमजन परेशान

Weather Update: उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड का अहसास लोगों को हो रहा है। बुधवार को दोपहर बाद चार जिलों में हुई बारिश और बर्फबारी ने पहाड़ों को कंपकंपाना शुरू कर दियाहै। मौसम विभाग का दावा है कि शुक्रवार को दो जिलों में कोहरा छाया रहेगा, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।

पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने से ठिठुरन भरी ठंड परेशान करेगी। बारिश और बर्फबारी से पहाड़ों में माहौल बदला है। औली में बर्फबारी के कारण दो ईंच तक बर्फ जम गई है। वहीं, हर्षिल घाटी में भी बर्फबारी हुई है।

उत्तराखंड में अगले एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। मैदानों में कोहरा और शीतलहर परेशान करेगी। मौसम निदेशक डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि हरिद्वार, यूएसनगर जिले में घना कोहरा छाया रहेगा।

दोनों जिलों में शीत दिवस की भी आशंका है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पौडी, नैनीताल के मैदानी इलाकों में रात व सुवह कुछ कोहरा छाया रह सकता है।

जनपद नैनीताल के हल्द्वानी में भी सर्दी का सितम जारी है। गुरुवार सुबह भी शहर कोहरे की चादर से ढका रहा। घना कोहरा व शीतलहर चलने के कारण न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

वहीं अधिकतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस रहा। ऐसे में सीजन के सबसे ठंडे दिन में लोगों की कंपकंपी छूटती रही।हल्द्वानी शहर सुबह से कोहरे की चादर से ढका रहा। करीब 10 बजे के बाद हल्की धूप निकली। हालांकि ठंडी -हवाओं के चलते धूप भी बेअसर रही।

कोहरे से सुबह वाहनों का संचालन भी प्रभावित रहा। सड़कों पर वाहन लाइट जला कर रेंगते नजर आए। पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया, गुरुवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 10, जबकि न्यूनतम 3.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से उधम सिंह नगर और हरिद्वार में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पौड़ी और नैनीताल में भी सुबह-शाम कोहरा छा सकता है जबकि अन्य जनपदों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण टनकपुर में एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। गुरुवार को टनकपुर के रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

पुलिस के अनुसार मृतक का बायां हाथ कटा हुआ था और वह पिछले चार-पांच दिनों से इस क्षेत्र में घूम रहा था। उसे कुछ समय पहले खटीमा में देखा गया था। प्रथम दृष्टया मौत का कारण ठंड माना जा रहा है।

इस क्षेत्र में इस सीजन में ठंड के कारण यह दूसरी मौत हुई है। कुछ दिनों पहले सालवानी के जंगल में लगभग 45 वर्ष एक व्यक्ति की ठंड से मौत का मामला भी सामने आया था। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के कारण निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है।

हर्षिल घाटी में बर्फबारी होने से ठंड में वृद्धि हुई है जबकि औली में 2 इंच की बर्फ जम चुकी है। इस बार नए साल के जश्न पर बर्फबारी न होने की मार पड़ी थी। बर्फबारी न होने के कारण पर्यटकों को भी मायूस होकर लौटना पड़ा था। प्रदेश में इस साल की यह पहली बर्फबारी हुई है।

बद्रीनाथ और केदारनाथ में नए साल का पहला हिमपात बुधवार को हुआ। बद्रीनाथ में भी एक इंच तक की बर्फ जम चुकी है। वहीं, सतोपंथ, फूलों की घाटी, हेमकुंड साहिब और कुंवारी पास सहित ऊंचाई वाली पहाड़ियां बर्फ से ढक गई हैं। निचले इलाके शीतलहर की चपेट में आ गए हैं।