अपराध: छात्रा से जबरन दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

छात्रा से जबरन दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट- इंद्रजीत असवाल
सतपुली। तहसील सतपुली क्षेत्र के एक गांव में 12वीं कक्षा में अध्ययनरत छात्रा के साथ गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा जबरन दुष्कर्म करने के मामले में दर्ज मुकदमे में सतपुली पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बीते बुधवार को तहसील सतपुली में पीड़िता की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया था। जिसके बाद शुक्रवार को मामला रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित किया गया, जिसके बाद SSP पौड़ी श्वेता चौबे ने थानाध्यक्ष सतपुली के नेतृत्व में टीम गठित कर तुरन्त गिरफ्तारी के निर्देश दिये।

थानाध्यक्ष सतपुली लाखन सिंह ने बताया कि, पुलिस टीम द्वारा आरोपी रणजीत सिंह पुत्र कन्हैया सिंह उर्फ झालू, उम्र 56 वर्ष निवासी पट्टी दक्षिणी मौंदाडस्यूं को शुक्रवार देर रात लगभग साढ़े बारह बजे संगलाकोटी रीठाखाल रोड से गिरफ्तार किया।

शनिवार सुबह आरोपी को जिला न्यायालय पौड़ी में पेश कर जेल भेजने की कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष लाखन सिंह सहित, महिला एसआई संध्या नेगी, कांस्टेबल संजय पाल सिंह शामिल रहे।