गजब: अल्मोड़ा की एक मुर्गी ने दिए एक दिन में 31 अंडे। जानिए कैसे हुआ चमत्कार

अल्मोड़ा की एक मुर्गी ने दिए एक दिन में 31 अंडे। जानिए कैसे हुआ चमत्कार

अल्मोड़ा। पहाड़ के एक मुर्गीपालक के साथ चमत्कार हो गया। आप यकीन नहीं करेंगे, एक मुर्गी ने एक ही दिन में सुबह से लेकर शाम तक एक के बाद एक 31 अंडे दिए। यही नहीं तीन दिनों के भीतर उसी मुर्गी ने 44 अंडे दे दिए।

ये चमत्कार हुआ अल्मोड़ा के भिकियासैंण में। इस चमत्कारिक घटना के बाद पशुपालन विभाग की टीम भी मुर्गी को देखने गांव में गई है।

दरअसल, अल्मोड़ा के भिकियासैंण ब्लॉक के बसोट गांव निवासी गिरीश चंद्र बुधानी ने बच्चों के कहने पर दो मुर्गियां पाली हैं। गिरीश के मुताबिक उन्होंने बेचने के लिए मुर्गियां नहीं पाली हैं, बल्कि बच्चों के कहने पर शौक के लिए पाली हैं।

आमतौर पर उनकी मुर्गी एक या दो अंडे देती थी। लेकिन रविवार का दिन गिरीश चंद्र के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था। रविवार के दिन सुबह के समय मुर्गी ने 4 अंडे दिए।

थोड़ी देर बाद मुर्गी ने फिर से अंडे दिए तो गिरीश चंद्र की खुशी और आश्चर्य का ठिकाना न रहा। मुर्गी हर घंटे अंडे देने लगी। शाम होते होते गिरीश ने कुल अंडों की गिनती की तो 31 अंडे हाथ लगे।

गिरीश चंद्र बताते हैं कि, पिछले तीन चार दिनों में मुर्गी लगातार अंडे दे रही है। शनिवार को 5 अंडे दिए जबकि रविवार को सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 31 अंडे दे दिए। यही नहीं सोमवार को भी मुर्गी ने 6 अंडे दिए। मंगलवार को भी मुर्गी ने 2 अंडे दिए। गिरीश चंद्र बताते हैं कि उनकी मुर्गी बिल्कुल स्वस्थ है। मुर्गी मूंगफली औऱ लहसुन खाने की शौकीन है।

आपने सोने का अंडा देने वाली मुर्गी की कहानी जरूर सुनी होगी लेकिन यहां हकीकत में 31 अंडे देने वाली मुर्गी का किस्सा सबको हैरान कर रहा है। बहरहाल गिरीश चंद्र की मुर्गी इन दिनों में चर्चा में है। हर कोई इस बात से हैरान है कि मुर्गी एक दिन में 31 अंडे कैसे दे सकती है। ये सामान्य विज्ञान है या चमत्कार?

ऐसे शुरू हुई अंडे देने की गजब कहानी

गिरीश चंद्र बुधानी पुत्र पीतांबर दत्त बुधानी ने बताया कि, इन मुर्गियों को लाए तीन-चार माह ही हुए हैं। वह अकसर टूर एंड ट्रेवल्स के काम के सिलसिले में बाहर जाया करते हैं। गत रविवार को उनके बच्चों ने सूचित किया कि उनकी एक मुर्गी ने 05 अंडे दे दिए हैं।

जब उन्होंने यह सुना तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि, उनकी मुर्गी ने इतने कम समय में एक साथ पांच अंडे दे दिए। शाम को जब वह घर आये तो पाया कि मामला पूरी तरह सत्य है। सबसे ज्यादा हैरान तो वह तब हो गये जब हर 10 से 15 मिनट में वह 10- 10 अंडे देने लगी।

उन्होंने बताया कि, 25 दिसंबर को जब वह काम के सिलसिले में बाहर गए तो उनके बच्चों ने उस मुर्गी को अपने साथ कमरे में रख लिया। सुबह 08 से रात 10 बजे तक दे दिए 31 अंडे।

गिरीश चंद्र बुधानी ने बताया कि, रविवार, 25 दिसंबर को जब वह शाम को 05 बजे तक घर लौटे तब तक उनकी मुर्गी लगातार दो-दो करके अंडे देती जा रही थी। इस तरह रात 10 बजे तक उसने पूरे 31 अंडे दे डाले।