बड़ी खबर: शारदा वन रेंज में मिली महिला और पुरुष की लाश। क्षेत्र में सनसनी

शारदा वन रेंज में मिली महिला और पुरुष की लाश। क्षेत्र में सनसनी

टनकपुर। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित शारदा वन रेंज से एक महिला और एक पुरुष का शव एक साथ मिलने से सनसनी फैल गई, पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हालांकि नेपाल पुलिस का कहना है कि, शव महेन्द्रनगर के रहने वालों के हैं।

प्राप्त समाचार के अनुसार सोमवार देर शाम नेपाल के मटेना गांव के समीप नेपाल से सटे भारतीय वन क्षेत्र शारदा फॉरेस्ट रेंज के कंपार्ट संख्या-44 में वन विभाग के कर्मचारियों को गश्त के दौरान दो शव पड़े दिखायी दिए।

रेंजर महेश सिंह बिष्ट ने बताया कि, गश्ती कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस को जानकारी दी गई।

कोतवाल चंद्रमोहन सिंह और मनिहारगोठ चौकी प्रभारी तेज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं नेपाल पुलिस और एसएसबी के जवान भी मौके पर पहुंच गए।

भारतीय क्षेत्र होने के कारण टनकपुर कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर उप जिला अस्पताल टनकपुर की मोर्चरी मेंरखवा दिया है। फिलहाल इन शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

हालांकि नेपाल की पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक महिला और पुरुष नेपाल के महेंद्रनगर स्थित सुंदरपुर गांव के निवासी हैं।

सीओ टनकपुर अविनाश वर्मा ने बताया कि, ये दोनों शव भारतीय वन क्षेत्र में पड़े मिले हैं। घटनास्थल से करीब 10 मीटर दूरी पर एक बाइक और मोबाइल भी पुलिस को मिला है। हालांकि इन दोनों की मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।