राजनीति: मोर्चा का आरोप। कार्डधारकों को महंगी दाल देकर लूट रही सरकार

मोर्चा के आरोप। कार्डधारकों को महंगी दाल देकर लूट रही सरकार

– उत्तराखंड में दाल चना 57 रु प्रति किग्रा, हिमाचल सरकार दे रही ₹33 प्रति किग्रा

– बाजार भाव चल रहा फुटकर में ₹50-52 प्रति किग्रा
– सरकार कौन सी सब्सिडी दे रही इन दालों पर, समझ से परे !

विकासनगर। सरकार प्रदेश के राशन कार्ड धारकों को जबरन प्रतिमाह 2 किलो दाल चना ₹57 प्रति किग्रा देकर मुफ्त में प्रदेश की जनता पर अहसान जता रही है, जबकि खुले बाजार में दाल चना का भाव फुटकर में ₹50-52 प्रति किग्रा है।

उक्त मामले में शनिवार को मीडिया से रूबरू होते हुए जनसंघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि, हिमाचल प्रदेश जैसे कम संसाधन वाले राज्य प्रदेश के NFSA कार्ड धारकों को ₹ 33 प्रति किग्रा एवं APL को ₹43 प्रति किग्रा दाल चना वितरण कर रही है।

हिमाचल सरकार कई अन्य वस्तुएं बहुत कम रियायती दरों पर कार्ड धारकों को मुहैया करा रही है, जोकि जनता को बहुत बड़ी राहत है, लेकिन हमारी लोकप्रिय सरकार जनता को रियायत देने के बजाय लूटने का काम कर रही है। दोनों प्रदेश को-ऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन से ही दाल की आपूर्ति कराते हैं।

सरकार को थोड़ा-बहुत अनुसरण हिमाचल सरकार का करना ही चाहिए। नेगी ने कहा कि, सरकार को चाहिए कि राशन दुकानों हेतु आपूर्ति होने वाली दाल एवं बाजार में उपलब्ध होने वाली दाल के मूल्यों की समीक्षा कराए, जिससे सरकारी धन (सब्सिडी के रूप में) लुटने से बच सके एवं जनता भी लुटने से बच सके। मोर्चा शीघ्र ही इस मामले को शासन के समक्ष रखेगा।