अपराध: अल्मोड़ा जिला अस्पताल में मिला चार माह का भ्रूण

अल्मोड़ा जिला अस्पताल में मिला चार माह का भ्रूण

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा जिला अस्पताल में सुबह कार्यरत सफाई कर्मी रोजाना की तरह साफ-सफाई के लिए शौचालय में गया तो वहां शौचालय में भ्रूण पड़ा मिला, मामले की सूचना पुलिस को दे गई है। भ्रूण करीब चार माह का बताया जा रहा है।

जिस तरह से जिला अस्पताल परिसर में भ्रूण मिला है, उससे कई संदेहों को बल मिल रहा है। पूरा मामला पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

चर्चा है कि, गत दिवस रविवार को यह शौचालय बंद रहता है, जबकि शनिवार को दो बजे तक का अस्पताल रहता है। जिसके चलते अनुमान लगाया जा रहा है कि, किसी ने यह भ्रूण शनिवार को शौचालय में फेंका होगा।

जिस शौचालय में भ्रूण मिला है, वह जनरल ओपीडी का सार्वजनिक शौचालय है। वहां कोई भी जा सकता है, जबकि वार्ड के शौचालयों का प्रयोग भर्ती मरीज व उनके केयर टेकर ही अधिकांशत: करते हैं।

इधर संबंधित सफाई कर्मी का यही कहना है कि, वह जैसे ही भीतर दाखिल हुआ उसे वहां बहुत बुरी गंध महसूस हुई। जिसके बाद उसने पास जाकर देखा तो भ्रूण दिखाई दिया।