बड़ी खबर: कांग्रेस में शामिल हो सकते है कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और विधायक संजीव आर्य

कांग्रेस में शामिल हो सकते है कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और विधायक संजीव आर्य

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी द्वारा लगातार कांग्रेस को पटखनी दिए जाने के बाद आज एक बड़ी खबर कांग्रेस के पक्ष में बड़ी तेजी से तैर रही है। खबर है कि, भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री अपने विधायक पुत्र संजीव आर्य के साथ भाजपा का साथ छोड़ आज अपनी पुरानी पार्टी कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। इस खबर से प्रदेश में सियासी पारा चढ़ गया है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य पिछले काफी समय से पार्टी से खफा चल रहे थे, किंतु वे इसे जाहिर नहीं कर रहे थे। यही कारण था कि, गत दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अचानक यशपाल आर्य के यमुना कालोनी आवास पर पहुंच गए थे और उनसे काफी समय तक चर्चा की थी।

हालांकि तब इसे सामान्य मुलाकात बताकर यह दर्शाने की कोशिश की गई थी कि, पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य चल रहा था। अब एक बार फिर मंत्री यशपाल आर्य और उनके पुत्र विधायक संजीव आर्य के कांग्रेस में शामिल होने की खबरों ने अचानक प्रदेश का सियासी पारी चढ़ा दिया है।

वहीं कांग्रेस का दावा है कि, अगले कुछ समय में भाजपा से कई नेता पार्टी में शामिल हो सकते हैं। बताते चलें कि, इससे पूर्व पुरोला से कांग्रेस विधायक राजकुमार भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम चुके हैं। इससे कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था।

यही नहीं धनौल्टी से निर्दलीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार एवं भीमताल से निर्दलीय विधायक रामसिंह कैड़ा भी भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इससे भाजपा ने अपना कुनबा बढ़ाने में बढ़त हासिल अवश्य की, किंतु अब भाजपा के मंत्री और विधायक कांग्रेस में शामिल होते हैं तो इससे भाजपा को भी झटका अवश्य लगेगा