गुलदार ने फिर महिला को बनाया निवाला। ग्रामवासियों में दहशत

गुलदार ने फिर महिला को बनाया निवाला। ग्रामवासियों में दहशत

उत्तराखंड के पहाड़ों में गुलदार के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसी ही एक दु:खद खबर अल्मोड़ा के रानीखेत से आई है, जहां एक महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में ऊणी महादेव सड़क मार्ग पर दिखाई दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीण दहशत के साये में जी रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार ऊणी महादेव सड़क मार्ग पर एक शव दिखाई दिया। सूचना पर ग्रामीण व प्रधान देवेंद्र पांडे मौके पर पहुंची। जिस पर शव की शिनाख्त ग्राम पीपली, निवासी ताड़ीखेत की नंदी देवी(86) पत्नी डोल सिंह के रूप में हुई।

बताया गया कि, वृद्ध महिला शनिवार शाम दूसरे गांव में अपने रिश्तेदार के घर जा रही थी। जंगली जानवर द्वारा महिला का शरीर क्षत-विक्षत किया गया था।

सूचना पर तहसीलदार और वन कर्मी मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया महिला की मौत गुलदार द्वारा की गई प्रतीत हुई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।