अपराध: यौन उत्पीड़न के आरोप में जिला विकास अधिकारी गिरफ्तार। भेजा जेल

यौन उत्पीड़न के आरोप में जिला विकास अधिकारी गिरफ्तार। भेजा जेल

महिला जेई (अवर अभियंता) के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) की गिरफ्तारी हुई हैं। मुंशिफ मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया हैं।

दरअसल, उत्तरकाशी के पुरोला में मनरेगा में तैनात महिला जेई (अवर अभियंता) के साथ छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में एसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि, मामले में जांच शुरू कर दी है। यदि आरोपी के खिलाफ कोई अन्य शिकायत आई तो उस पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जानिए पूरा मामला :

उत्तरकाशी के प्रभारी डीडीओ ने पुरोला में तैनात महिला जेई को बीते रोज ट्रांसफर के मामले में लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में बुलाया। जहां आरोपी ने महिला जेई पर जबरन सम्बन्ध बनाने का दबाव डाला।

इस पर जेई ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे जबरन पकड़ते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला जेई ने बमुश्किल भागकर आरोपी से इज्जत बचाई।

इसके बाद मामले में महिला जेई ने आरोपी के खिलाफ पुरोला थाने में तहरीर दी थी। शर्मनाक घटना के बाद क्षेत्रीय जनता गुस्से में है।

बता दें कि, लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग कल ही कर दी थी। इस पर पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आज सुबह ही गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी को पुरोला में मुंशिफ मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद आरोपी के खिलाफ उत्तरकाशी विकास भवन, मोरी आदि जगह से भी कई आरोप चर्चा में आ गए हैं।