अजब-गजब: पीलीभीत से बारात लेकर खटीमा पहुंचा दूल्हा, बैरंग लौटी बारात

पीलीभीत से बारात लेकर खटीमा पहुंचा दूल्हा, बैरंग लौटी बारात

खटीमा। देश, विदेश समेत कई प्रदेशों में कोरोना का संक्रमण बहुत तेजी से फैला, कई लोगों की मृत्यु हुई तो लॉकडाउन के कारण कई लोगों का काम काज ठप पड़ गया। बात चाहे वीकेंड्स पर पार्टी की हो या शादी समारोह की सभी चीजों पर इसका खासा असर पड़ा है, इसी के चलते अब ताजा मामला मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र खटीमा का है, कोरोना के कारण पीलीभीत से खटीमा पहुंची बारात को बिना दुल्हन के बैरंग लौटना पड़ा।

बता दें कि, बारात जैसे ही बॉर्डर पर पहुंची तो सभी बारातियों की कोरोना जांच की गई, सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई लेकिन दूल्हा कोरोना पॉजीटिव निकला। मामला शादी का था, जिसमें खासा भीड़भाड़ भी होनी थी, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से दूल्हे की एक नहीं, तीन बार एंटीजन जांच की गई। लेकिन, हर बार रिपोर्ट पॉजीटिव आई। दूल्हे के पॉजीटिव होने से बारातियों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद पुलिस ने दूल्हे की गाड़ी को वापस लौटा दिया। अब वह 14 दिन बाद दोबारा बारात लेकर शादी के लिए पहुंचेंगे।

जानकारी के अनुसार पीलीभीत के कोतवाली थानाक्षेत्र के चंदोही निवासी मुमताज की बारात गुरुवार को उत्तराखंड के इस्लामनगर आ रही थी। बारात में करीब 40 बाराती शामिल थे। उत्तराखंड के हल्दी बैरियर पर सभी बारातियों की एंटीजन जांच की गई। जिसमें दूल्हा मुमताज संक्रमित मिला। जबकि सभी बारातियों की रिपोर्ट निगेटिव आई। इससे बारातियों में हड़कंप मच गया। वहीं पुलिस चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही ने बताया कि, दूल्हे के पॉजिटिव पाए जाने के बाद दूल्हे समेत सभी 40 बारातियों को वापस लौटा दिया गया है।

तो वहीं लड़की वालों के यहां निकाह की तैयारियां चल रही थीं। काफी देर बाद भी जब बारात उनके यहां नहीं पहुंची, तो उन्होंने दूल्हे के परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद उनको हकीकत पता चली। बारात लौटने पर दुल्हन के यहां चल रही तैयारियां धरी की धरी रह गई। इधर इस मामले में दूल्हे ने कहा कि उसे जुखाम है, जिसे पुलिस वाले कोरोना बता रहे हैं, उसे कुछ नही हुआ है।

अब बारात 14 दिन बाद दुबारा आएगी। दुल्हा 14 दिन क्वारंटाइन रहेगा। आपको बता दें कि, कोविड-19 के प्रोटोकॉल के हिसाब से जब कोई व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया जाता है, तो उसे 14 दिन के लिए होम क्वारंटाइन में रहना पड़ता है। अब जब दूल्हा ही संक्रमित पाया गया है तो अब निकाह की रस्म 14 दिन बाद ही अदा हो पाएगी।