भगत की अमर्यादित टिप्पणी पर भड़का यूथ कांग्रेस, फूंका पुतला

भगत की अमर्यादित टिप्पणी पर भड़का यूथ कांग्रेस, फूंका पुतला

रिपोर्ट- मनोज नौडियाल
कोटद्वार। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के द्वारा नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हिरदेश के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी किये जाने पर यूथ कांग्रेस के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने बंशीधर भगत का पुतला दहन किया। मालवीय उद्यान के निकट पुतला दहन करते हुए यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष अमित राज ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा ह्दयेश के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की है।

इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी करने से प्रदेश की समस्त महिलाओं के आत्मसम्मान को गहरा आघात लगा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा इस प्रकार की अभद्र टिप्पणी करने से पता चलता है कि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का मानसिक स्तर कितना गिरा हुआ है। यूथ कांग्रेस मातृ शक्ति के अपमान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। कहा कि यदि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने माफी नहीं मांगी तो बंशीधर भगत के खिलाफ सड़कों पर आंदोलन किया जायेगा। इस मौके पर जिला महासचिव सुधांशु नेगी, नरेश कोटनाला, पार्षद सूरज प्रसाद कांति, सौरभ पांडे, राजा आर्य, भास्कर प्रजापति, अतुल भारती, जावेद आदि मौजूद थे।