देश की स्वतंत्रता के इतिहास में पौड़ी के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आंदोलनकारियों का होगा अवश्य उल्लेख: रावत

देश की स्वतंत्रता के इतिहास में पौड़ी के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आंदोलनकारियों का होगा अवश्य उल्लेख

रिपोर्ट- मनोज नौडियाल
कोटद्वार। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर पौड़ी में प्रदेश के काबीना मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर प्रदेश एवं देशवासियों को 74 वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। मंत्री डॉ रावत ने देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं राज्य आंदोलनकारियों को नमन करते हुए अपने संबोधन में कहा कि, देश की स्वतंत्रता का इतिहास यदि लिखा जाता है तो उसमें पौड़ी जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं आंदोलनकारियों का उल्लेख अवश्य होगा। तभी देश का इतिहास पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि, पौड़ी की भूमि से देश की स्वतंत्रता से लेकर देश की सुरक्षा में अनेक वीर नायक का जन्म हुआ है।

यह भूमि वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सहित अन्य वीर सैनिकों की धरती है। हम सभी सौभाग्यशाली है। उन्होंने यह भी कहा कि, देश की सुरक्षा से लेकर राज्यों के नेतृत्व में भी पौड़ी के लोग अपना श्रेष्ठ कार्य कर रहे है जो हमारे जनपद के लिए सौभाग्य की बात है। देश की सुरक्षा के शीर्ष पर अजीत डोभाल, बिपिन रावत, धस्माना सहित अन्य लोग बेहतर कार्य कर रहे हैं। जबकि हमारे राज्य एवं उत्तर प्रदेश राज्य का नेतृत्व भी पौड़ी जनपद के त्रिवेंद्र सिंह रावत एवं योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। उन्होंने उत्तराखंड राज्य के आंदोलन में अपने सराहनीय कार्यों को याद करते हुए बताया कि, संघर्ष के बाद ही हमारा राज्य बना है।

उन्होंने प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व का वर्णन करते हुए कहा कि, जहां विश्व एक ओर कोरोना वायरस (कोविड 19) की महामारी के चलते सहमे हुए हैं, यही नहीं विकसित राष्ट्र अमेरिका जैसे देशों में जहां स्वास्थ्य सेवा का सबसे बेहतर विकल्प है उन देशों में महामारी के प्रकोप से सारी दुनिया सहमी हुई है। किन्तु प्रधानमंत्री मोदी ने सही समय पर सही निर्णय लेकर एक कुशल नेतृत्व का देश के लिए परिचय दिया। पौड़ी जनपद में भी कोरोना काल में बचाव एवं सुरक्षा के लिए जो निर्णय जिला प्रशासन एवं टीम ने लिए है वो निर्णय पूरे राज्य एवं देश के लिए बनाए गए। चीन ने जब हमारे देश को आंख दिखाई तो हमने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है।

प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व से चीन के सैनिक पीछे हट गए हैं, जिससे हमारे सैनिकों का मनोबल भी बड़ा है। देश की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की हरकत को हम क्षमा नहीं करेंगे। देश के लिए मर मिटने वाली वीर सैनिकों की यह धरती भारत मां की रक्षा के लिए समर्पित है। प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू कश्मीर में विकास की अवरोधक धारा 370 को हटाकर देश में एक संविधान एक निशान लागू किया है। माननीय उच्चतम न्यायालय के फैसले को देश के सभी नागरिकों ने स्वीकार करते हुए राम मंदिर के निर्माण कार्य में अपना सहयोग दिया है। उन्होंने देश के सभी नागरिकों को मिलजुल कर कार्य करने तथा देश की सुरक्षा एवं विकास में सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ने की अपील की।

क्षेत्रीय विधायक पौड़ी मुकेश कोहली ने अपने संबोधन में राज्य एवं केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व राज्य आंदोलनकारी द्वारा की गई कार्य की जानकारी देते हुए सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

पौड़ी नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम ने अपने संबोधन में कहा कि, देश एवं राज्य के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व राज्य आंदोलनकारी का योगदान हमेशा याद रहेगा। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल एवं मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधानसभा भवन गैरसैंण में 74 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ध्वजारोहण किया। जो हमारे लिए सौभाग्यशाली है।

इस मौके पर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी व गणमान्य द्वारा समाज कल्याण विभाग के तत्वाधान में नशा मुक्ति अभियान का शुभारंभ किया गया। आयोजित कार्यक्रम के बाद सभी मुख्य अतिथि एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा राशि मैदान के समीप वन भूमि पर वृहद वृक्षारोपण किया गया। जहां कबीना मंत्री डॉ रावत ने बुरांश का वृक्षारोपण किया। वहीं क्षेत्रीय विधायक एवं जिलाधिकारी ने तेज पत्ते के वृक्ष लगाए। साथ ही उपस्थित सभी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बुरांश तेजपत्ता एवं देवदार का वृक्षारोपण किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, अपर जिलाधिकारी डॉ एस के बरनवाल, उपजिलाधिकारी एस एस राणा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा, सेवा योजन अधिकारी मुकेश रायाल, डी ओ आबकारी राजेन्द्र लाल, डीपीआरओ एम एम खान, मधु खुगशाल, समानता ध्यानी, ओमप्रकाश जुगरान, प्रेमचंद ध्यानी, दीपक नेगी, योगम्बर पोली, जसपाल रावत सहित अन्य लोग उपस्थित थे। जबकि वृक्षारोपण कार्यक्रम में वन संरक्षक एसएन पांडेय, उप वन संरक्षक आकाश वर्मा, एसडीओ अनिल भट्ट, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।