Exclusive: कोरोना के बढ़ते कदमों को देख जनता की थमीं धड़कने। अब तक कुल 749

कोरोना के बढ़ते कदमों को देख जनता की थमीं धड़कने। अब तक कुल 749

देहरादून। उत्तराखंड में आज शनिवार को कुल 33 कोरोना पॉज़िटिव सामने आए हैं। जिसके बाद अब प्रदेश में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 749 पहुंच गया है। आज रात 08 बजे जारी हैल्थ बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में 22 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें 14 मरीज देहरादून जनपद में पाए गए हैं। आज सुबह भी देहरादून में 07 मरीज मिले थे। इस प्रकार दून में आज कुल 21 मरीज पाए गए हैं। इनमें 10 लोग मुंबई से लौटे हैं। 02 दून हॉस्पिटल में भर्ती हैं, जिनकी ट्रेवल हिस्ट्री ज्ञात नहीं है।

वहीं एक मरीज एम्स में भर्ती है और एक व्यक्ति दिल्ली से लौटा है, जिसकी प्राइवेट लैब में रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके अलावा 07 अन्य लोगों की ट्रेवल हिस्ट्री भी पता नहीं है, क्योंकि उनकी रिपोर्ट हैल्थ बुलेटिन में प्राइवेट लैब में पॉजीटिव मिलनी दर्शायी गई है। साथ ही हरिद्वार में 03 लोग पॉजीटिव पाए गए है, जो मुंबई से लौटे हैं। वहीं नैनीताल में 05 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। ये सभी मरीज भी मुंबई से लौटकर आए हैं।

आज दोपहर दो बजे जारी हैल्थ बुलेटिन के अनुसार आज 04 मामले टिहरी गढ़वाल से सामने आए। इसके अलावा 07 लोगों की रिपोर्ट प्राइवेट लैब में पॉजीटिव आई है। अब वर्तमान में उत्तराखंड में 639 लोग सक्रिय मरीज के रूप में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं। 03 लोग राज्य से माइग्रेट कर चुके हैं, जबकि अब तक विभिन्न बीमारियों के कारण पांच लोगोंं की प्रदेश में मौत हो चुकी है। अब तक 102 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।बताना जरूरी होगा कि, आज 819 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि आज 1,259 लोगों के सेंपल जांच के लिए भेजे गए। अब तक 21,521 सेंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जबकि अभी भी 5,232 लोगों की जांच रिपोर्ट आनी शेष है। बताते चलें कि, गत दिवस 29 मई को एक ही दिन में विभिन्न जिलों से 219 मरीज पॉजीटिव पाए गए थे।