दुखद: पौड़ी के क्वारंटाइन सेन्टर में प्रवासी की मौत

पौड़ी के क्वारंटाइन सेन्टर में प्रवासी की मौत

कोटद्वार। कोरोना वायरस कोविड-19 के बचाव के लिये लागू लॉकडाउन के चलते जनपद पौड़ी गढ़वाल में क्वारंटाइन किये गये प्रवासी की मौत हो गयी है। जनपद के थलीसैण ब्लॉक में दिल्ली एनसीआर से आए प्रवासी मृतक अपने गांव बिरगणा के सरकारी विद्यालय में बीते 2 दिनों से क्वारंटाइन था। उसकी आज सुबह ही मौत हो गई। प्रशासन द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय संजय पटवाल पहले से ही दमे का मरीज था और आज सुबह ही संजय को अस्थमा का दौरा पड़ने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। वहीं मौके पर स्थानीय प्रशासन की ओर से शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेजा गया है।

बताते चलें कि, संजय के साथ दो अन्य लोगों को भी उस विद्यालय में क्वारंटाइन किया गया था, जिन्हें अब आइसोलेट करने के लिए पौड़ी लाया जा रहा है। जिलाधिकारी पौड़ी धिराज सिंह गब्र्याल ने बताया कि, तीन व्यक्ति दो दिन पहले दिल्ली एनसीआर से थलीसैण ब्लॉक पहुंचे थे, जिन्हें नियमानुसार 14 दिनों के लिए सरकारी विद्यालय में क्वारंटाइन किया गया था। इनमें से 31 वर्षीय संजय पटवाल को कल देर रात अस्थमा का अटैक पड़ा। जिससे उनकी आज सुबह मृत्यु हो गई। प्रशासन के अनुसार उनकी पत्नी की ओर से बताया गया कि, उन्हें पहले भी इस तरह के दौरे पड़ते थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेजा जा रहा है और अन्य दो लोगों को आइसोलेट करने के लिए पौड़ी लाया जा रहा है।

ज्ञातव्य है कि, दो दिन पहले ही पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड रिखणीखाल के राजकीय जूनियर हाईस्कूल रेवा में बनाये गये क्वारंटाइन सेंटर में दिल्ली से परिवार के साथ आयी वृद्धा की मृत्यु हो गयी थी। यहां भी प्रशासन ने वृद्धा की मौत के बारे में बताया कि, उनको पुरानी बीमारी थी जिसके चलते उनकी मौत हुई है। पौड़ी गढ़वाल प्रशासन के अनुसार वृद्धा दिल्ली में उपचार कराने गईं थी।