विजिलेंस के सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप

विजिलेंस के सिपाही पर दुष्कर्म का आरोप

देहरादून। उत्तराखण्ड की शान्त वादियों में चीखपुकार एक आम हो चली है। आये दिन प्रातः उठते ही हमें अख़बारों व टीवी चैनलों के माध्यम से इस तरह की खबरें सुनने को मिलती है। देवों की इस देवनगरी में ऐसी घटनाओं का होना बहुत ही शर्मनाक है।

हाल ही में जनपद देहरादून में एक विजिलेंस के सिपाही पर एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है, और कहा कि विजिलेंस के सिपाही को सस्पेंड किया जाए। इस प्रकरण में एसएसपी देहरादून ने कहा सिपाही के खिलाफ कोतवाली में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज होने के बाद विजिलेंस को रिपोर्ट भेज दी है। वहीं विजिलेंस के एसएसपी ने बताया कि, सोमवार तक इस मामले में निर्णय लिया जाएगा।

 

आपको बता दें, डालनवाला क्षेत्र की एक महिला ने विजिलेंस के सिपाही राकेश सिंह पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने कहा कि, उनके पड़ोस के गांव का राकेश पिछले दस सालों से उनके साथ दुष्कर्म कर रहा है। महिला ने यह भी कहा कि, सिपाही दुष्कर्म की वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल कर रहा है।

पुलिस ने महिला की तहरीर पर शहर कोतवाली में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाल शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि, सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच अभी की जा रही है। जांच के बाद ही गिरफ्तारी होगी।

वहीं एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि, सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद विजिलेंस को रिपोर्ट भेज दी गई है। सिपाही को सस्पेंड करने का अधिकार एसएसपी विजिलेंस को है।