अपराध: धर्मनगरी में कलयुगी पिता ने किया बच्ची संग दुष्कर्म

धर्मनगरी में कलयुगी पिता ने किया बच्ची संग दुष्कर्म

हरिद्वार। धर्मनगरी से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला प्रकाश में आया है, जहां जिसमें एक कलयुगी पिता ने अपनी ही नाबालिग बच्ची को हवस का शिकार बना लिया।

दरसल, मामला हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र का है, जिसमें 45 वर्षीय पिता को पुलिस ने अपनी ही नाबालिग बच्ची संग दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि, पिछले करीब एक वर्ष से पिता बेटी का यौन शोषण कर रहा था।

कनखल थाना प्रभारी कमल कुमार लुंठी ने बताया कि, बीते 9 सितंबर को कनखल निवासी 15 साल की एक बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। पिता ने कनखल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

बच्ची को पुलिस ने प्रेम नगर आश्रम घाट से बरामद कर लिया था, लेकिन बच्ची ने अपने घर जाने से इनकार कर दिया।

पुलिस की पूछताछ में बच्ची ने बताया कि, उसके माता-पिता के बीच विवाद चल रहा है और करीब एक साल पहले वह अपनी मां के साथ बरेली अपने ननिहाल चली गई थी। वहां से पिता बच्ची को पढ़ाई के लिए हरिद्वार ले आया।

पिता पर आरोप है कि, वह अपनी बेटी का यौन शोषण कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया। पिता सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता है और मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला है।

पुलिस ने बताया कि, उसके दो बच्चे हैं। पत्नी और एक बेटा बरेली ननिहाल में ही रहते हैं। वहीं बच्ची के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस का दावा है कि, आरोपी पिता ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।