कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने दी पति के खिलाफ थाने में तहरीर। स्वास्थ्य बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ धोखाधड़ी, उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
देखें वीडियो:-
मंत्री की ओर से देहरादून के कैंट थाने में शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। इस बीच, मंत्री की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना है।
पहली शादी छिपाकर विवाह करने का आरोप
पुलिस को दी गई तहरीर में रेखा आर्य ने बताया कि उनका विवाह गिरधारी लाल साहू से 6 जुलाई 2004 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। उनका आरोप है कि विवाह के समय पति ने अपनी पहली शादी की बात छिपाई थी।
कुछ वर्षों बाद उन्हें पता चला कि गिरधारी लाल साहू पहले से विवाहित थे और उनके बच्चे भी हैं। तहरीर के मुताबिक, तब तक उनके अपने बच्चे हो चुके थे, इसलिए परिवार और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उन्होंने उस समय चुप रहना उचित समझा।
मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
रेखा आर्य ने शिकायत में आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से उनके पति का व्यवहार बदल गया था। उन्हें पति के अन्य महिलाओं से संबंध होने की जानकारी मिली।
विरोध करने पर पति ने कथित तौर पर गलती स्वीकार करते हुए माफीनामा भी दिया, लेकिन इसके बावजूद विवाद जारी रहा। मंत्री का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
सरकारी आवास में जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का दावा
तहरीर में रेखा आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने सरकारी आवास में स्टाफ के सामने अपमानजनक जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने अपनी शिकायत में स्वयं को उत्तराखंड में अधिसूचित अनुसूचित जाति का सदस्य बताते हुए इस घटना का उल्लेख किया है।
कंपनी के निदेशक पद से हटाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का आरोप
मंत्री ने आरोप लगाया कि उनके कथित तौर पर कूटरचित हस्ताक्षर और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर संबंधित कंपनियों में उन्हें निदेशक पद से हटाया हुआ दर्शाया गया। शिकायत के अनुसार, उन्होंने न तो ऐसे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए और न ही कोई त्यागपत्र दिया।
ऑडियो के आधार पर जान से मारने की साजिश का आरोप
रेखा आर्य ने तहरीर में दावा किया कि हाल ही में उन्हें एक ऑडियो मिला है, जिसमें उनके पति कथित तौर पर एक महिला से बातचीत के दौरान उन्हें जान से मारने की साजिश रचते सुनाई दे रहे हैं।
उन्होंने अपनी और अपने नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका जताई है और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
इस पूरे घटनाक्रम के बीच रेखा आर्य की तबीयत बिगड़ने और उन्हें देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना सामने आई है। हालांकि, अस्पताल में भर्ती होने के कारण और उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
फिलहाल, शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और संबंधित साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।



