देहरादून में शराब के ठेके के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवक घायल। हमलावर फरार
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुई फायरिंग में दो युवक घायल हो गए।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर शराब का ठेका समय से पहले बंद करा दिया। दोनों घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे शराब के ठेके के बाहर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने देसी कट्टे से दो राउंड फायर किए, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई।
शुरुआत में लोगों ने गोली की आवाज को बाइक के साइलेंसर का शोर समझा, लेकिन कुछ ही देर में फायरिंग की पुष्टि हो गई।
फायरिंग में 38 वर्षीय नवीन राणा की छाती में गोली का छर्रा लगा, जिन्हें उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं 25 वर्षीय कविंद्र शर्मा के पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना में दो युवक घायल हुए हैं और दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले की जांच जारी है तथा घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। रायपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
