Weather Alert: अगले चार दिन सावधान! उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भारी से अति भारी बारिश का येलो अलर्ट

अगले चार दिन सावधान! उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में भारी से अति भारी बारिश का येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में अगले चार दिन मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 2 जुलाई तक का मौसम पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है।

विभाग ने 29 जून से 2 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार 29 जून को राज्य के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ बिजली चमकने, तेज से अति तेज बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं मैदानी जिलों हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में बादलों की गर्जना, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

30 जून को पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। अन्य पर्वतीय जिलों में भी तेज बारिश के दौर जारी रहेंगे, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम मुख्य रूप से गरज-चमक और तेज हवाओं वाला रहेगा।

जुलाई की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी। 1 जुलाई को नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। वहीं अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है।

2 जुलाई को नैनीताल, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल और चमोली जिलों में भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। शेष पर्वतीय जिलों में भी कई स्थानों पर तीव्र बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 30 जून से 2 जुलाई के बीच संवेदनशील इलाकों में हल्के से मध्यम भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़क अवरुद्ध होने की घटनाएं हो सकती हैं। इसके अलावा नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों से दूर रहने, बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने तथा पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की अपील की है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।