एक्शन: देहरादून फायरिंग कांड के बाद ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू, एक्शन मोड में पुलिस-प्रशासन

देहरादून फायरिंग कांड के बाद ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू, एक्शन मोड में पुलिस-प्रशासन

देहरादून। रोड रेज और फायरिंग की घटना में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या के बाद राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा एक्शन शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद अब उत्तराखंड पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत व्यापक अभियान चलाने की तैयारी कर ली है।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने देहरादून पुलिस मुख्यालय में उच्च स्तरीय बैठक कर सभी वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजधानी में अपराध पर तत्काल और प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में आईजी गढ़वाल, आईजी एसटीएफ, एसएसपी देहरादून सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिम्मेदारियां तय की गईं है।

  • आईजी गढ़वाल को रोजाना कानून-व्यवस्था की मॉनिटरिंग के निर्देश
  • एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा गया
  • सीओ और थाना प्रभारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश
  • एसटीएफ को सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया

सत्यापन और सख्ती का अभियान

डीजीपी ने किरायेदारों, पीजी और होम-स्टे में रहने वालों का सघन सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही तय समय के बाद खुले रहने वाले पब, बार और रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।
समयसीमा के बाद खुले प्रतिष्ठानों पर सीधे मुकदमा दर्ज होगा

लाइसेंस निरस्तीकरण की भी कार्रवाई की जाएगी
कर्मचारियों का अनिवार्य सत्यापन और सूची पुलिस को देने के निर्देश

पब-बार संचालकों को चेतावनी

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने सभी पब/बार/रेस्टोरेंट संचालकों के साथ बैठक कर साफ चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

  • निर्धारित समय के बाद संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित
  • किसी भी विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देना अनिवार्य
  • सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश
  • आपराधिक पृष्ठभूमि वाले कर्मचारियों को रखने पर कार्रवाई

पहले ही शुरू हो चुकी कार्रवाई

गौरतलब है कि पुलिस ने हाल ही में देर रात तक संचालित हो रहे दो बार/रेस्टोरेंट पर छापेमारी कर मुकदमा दर्ज किया है।

माहौल सुधारने की कोशिश

देहरादून में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत निरंतर अभियान चलाकर अपराधियों पर शिकंजा कसा जाएगा।

साथ ही आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त और जवाबदेह पुलिसिंग लागू की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।