मोतीचूर फ्लाईओवर पर 6 वाहन टकराए, महिला की मौत, 15 घायल
हरिद्वार। हरिद्वार–देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार रात रायवाला के पास मोतीचूर फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक के बाद एक 6 वाहन आपस में टकरा गए, जिसके बाद एक सीएनजी कार में आग लगने से स्थिति और भयावह हो गई।
हादसे में 30 वर्षीय महिला कुसुम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में जान गंवाने वाली कुसुम पत्नी सचिन निवासी भोगपुर, नजीबाबाद (जिला बिजनौर, यूपी) अपने परिवार की एकमात्र कमाने वाली थीं। कुसुम के पति दोनों हाथों से दिव्यांग हैं और काम करने में असमर्थ हैं। दंपति के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब मां का साया उठ गया है।
जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान जब बच्चों ने अपनी मां का शव देखा तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कुसुम की बड़ी बेटी सोनिया बार-बार यही कहती रही— “मां तुम हमें छोड़कर क्यों चली गई, अब हमारा क्या होगा।” इस दर्दनाक दृश्य को देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार थे एक ही कुनबे के 32 लोग
पुलिस के अनुसार रात करीब 9:18 बजे डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रायवाला को सूचना मिली कि होटल गोडविन के सामने मोतीचूर फ्लाईओवर पर उत्तराखंड रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर हो गई है।
टक्कर के बाद पीछे से आ रही स्कार्पियो, कार और कैंटर भी आपस में भिड़ गए। इस दौरान सीएनजी से चलने वाली स्कॉर्पियो में आग लग गई, जिसकी वजह से पांच वाहन आग की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
ट्रैक्टर ट्रॉली में एक ही परिवार के 32 लोग सवार थे, जो देहरादून में झंडे जी का मेला देखकर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।
हादसे में कई बच्चे भी घायल
दुर्घटना में छह से अधिक बच्चे भी घायल हुए हैं। घायलों में दो महीने की एक बच्ची भी शामिल है। आग की लपटों और टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
घायलों को तुरंत हरिद्वार जिला अस्पताल और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
ऐसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली ऋषिकेश से हरिद्वार की ओर जा रही थी। फ्लाईओवर पर टर्न लेते समय ट्रॉली की रफ्तार धीमी हुई, तभी पीछे से तेज गति में आ रही उत्तराखंड रोडवेज बस ने ट्रॉली को टक्कर मार दी।
इसके बाद पीछे चल रही कार, कैंटर और स्कॉर्पियो भी एक-दूसरे से भिड़ गए। टक्कर के दौरान कार की सीएनजी किट में आग लग गई, जिससे आग तेजी से फैल गई और कई वाहन जल गए।
मृतक
- कुसुम पत्नी सचिन, निवासी भोगपुर नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उम्र 30 वर्ष)
हादसे में घायल लोग
- कासिफ (23 वर्ष), कांधला शामली – ट्राला चालक
- सुभाष (40 वर्ष), नागंल सुक्ती बिजनौर
- विक्की (28 वर्ष), भोगपुर नजीबाबाद
- आरव (06 वर्ष), भोगपुर नजीबाबाद
- लवी (19 वर्ष), रानी कोटा रायपुर नजीबाबाद
- नीतू (35 वर्ष), रानी कोटा रायपुर नजीबाबाद
- सोनिया (12 वर्ष), भोगपुर नजीबाबाद
- अंशिका (06 वर्ष), भोगपुर नजीबाबाद
- दिव्याशु (08 वर्ष), भोगपुर नजीबाबाद
- अनमोल (25 वर्ष), धामपुर बिजनौर
- सोनाक्षी (09 वर्ष), भोगपुर नजीबाबाद
- हर्ष (07 वर्ष), निरंजनपुर बिजनौर
- वंशिका (19 वर्ष), भोगपुर नजीबाबाद
- सिमरन (16 वर्ष), भोगपुर नजीबाबाद
- गुलशन (11 वर्ष), तितीसोता बिजनौर
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।



