खनन माफियाओं की दंबगई, SDO को सड़क पर पीटा। मुकदमा दर्ज
देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में अवैध खनन की जांच के लिए गई वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में एसडीओ को सड़क पर दौड़ाकर मारपीट करते हुए देखा जा रहा है। घटना बड़वाला-हरिपुर पुल के आसपास की बताई जा रही है और 27 फरवरी की शाम की है।
देखें वीडियो:-
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड वन विभाग के चकराता डिवीजन में तैनात एसडीओ राजीव नयन नौटियाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में कथित अवैध खनन की गतिविधियों की वीडियोग्राफी कर रहे थे।
इसी दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वीडियो में अधिकारी का पीछा करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट की घटना दिखाई दे रही है।
तहरीर के मुताबिक, 27 फरवरी की शाम करीब 5 बजे एसडीओ कालसी कार्यालय से विकासनगर लौट रहे थे। हरिपुर/कालसी पुल पार करते समय उन्होंने यमुना नदी में अवैध खनन कर एक डंपर को निकलते देखा, जिसके बाद फोटो और वीडियो बनानी शुरू की।
आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने गाली-गलौज की और एक व्यक्ति ने उनका मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया।
जब संदिग्ध को हिरासत में लेने का प्रयास किया गया तो अन्य लोग एक वाहन (UK07AQ8213) में पहुंचे और उसे जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने लगे। अधिकारी द्वारा वाहन रोकने की कोशिश करने पर चालक ने गाड़ी उनकी ओर बढ़ा दी।
जान बचाने के लिए उन्होंने डंडे से वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बाहर आकर उन्हें धक्का दिया और डंडे से वार किया। इस दौरान घूंसे और लात मारने का भी आरोप है।
मामले में एसडीओ ने कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि विकासनगर और आसपास के इलाकों में अवैध खनन का मुद्दा पहले भी कई बार सामने आ चुका है। ड्यूटी पर तैनात अधिकारी पर खुलेआम हमला होने की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक दिन पहले ही बल्लूपुर–पांवटा फोरलेन हाईवे पर आदूवाला स्थित मित्रा ढाबा के पास दो तेज रफ्तार खनन डंपरों ने सड़क पार कर रहे मवेशियों को कुचल दिया था, जिसमें पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस ने दोनों डंपरों को चौकी में खड़ा कराया था। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने क्षेत्र में अवैध खनन और उससे जुड़ी गतिविधियों को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है।



