देहरादून विक्रम शर्मा मर्डर केस में बड़ा खुलासा, जिम से रची गई थी हत्या की साजिश
राजधानी देहरादून में 13 फरवरी को हुए गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ और दून पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में साजिश में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षत ठाकुर और राजकुमार के रूप में हुई है। दोनों को अलग-अलग प्रांतों से दबोचा गया। जांच में खुलासा हुआ है कि विक्रम शर्मा की हत्या की योजना कई महीनों पहले तैयार की गई थी।
जिम ज्वॉइन कर की रेकी
हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि साजिश में शामिल एक आरोपी ने घटना से करीब तीन महीने पहले उसी जिम को ज्वॉइन किया था, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से जाता था।
आरोपियों ने पहले जमशेदपुर और नोएडा में भी हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन सुरक्षा कारणों से वे कामयाब नहीं हो सके।
हरिद्वार से किराए पर ली स्कूटी-बाइक
घटना वाले दिन आरोपी ने अपने साथियों को फोन कर विक्रम के जिम में मौजूद होने की सूचना दी। वारदात को अंजाम देने के बाद भागने के लिए आरोपियों ने हरिद्वार से स्कूटी और बाइक किराए पर ली थी।
6 आरोपी अब भी फरार
देहरादून एसएसपी ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। अभी छह आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
फरार आरोपी
- अंकित वर्मा (जमशेदपुर, झारखंड)
- आशुतोष सिंह (जमशेदपुर, झारखंड)
- विशाल सिंह (जमशेदपुर, झारखंड)
- आकाश कुमार
- यशराज
- जितेंद्र
गौरतलब है कि 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल स्थित जिम से बाहर निकलते समय बदमाशों ने विक्रम शर्मा को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा किया जाएगा।


