क्राइम रिपोर्ट: इधर सड़क विवाद में खूनी झड़प, उधर भाजपा विधायक और जिला पंचायत सदस्य के बीच सियासी विवाद। पढ़ें…

इधर सड़क विवाद में खूनी झड़प, उधर भाजपा विधायक और जिला पंचायत सदस्य के बीच सियासी विवाद। पढ़ें…

 उत्तराखंड में बुधवार को दो अलग-अलग जिलों से विवाद और तनाव की खबरें सामने आईं। एक ओर जसपुर (जिला उधम सिंह नगर) के महुआडाबरा नगर पंचायत में मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया,

तो दूसरी ओर सल्ट (जिला अल्मोड़ा) में बहुउद्देशीय शिविर के दौरान भाजपा नेताओं के बीच तीखी बहस का वीडियो वायरल हो गया।

जसपुर में सड़क विवाद से खूनी झड़प

जसपुर कोतवाली क्षेत्र के महुआडाबरा में बाइक को रास्ता देने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ हिंसक झड़प में बदल गई।

इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक स्थानीय सभासद भी शामिल हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर में भर्ती कराया गया, जहां से एक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

सल्ट में ‘चाय-पानी’ पर सियासी तकरार

वहीं, अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान भाजपा विधायक और जिला पंचायत सदस्य के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों के लिए की गई चाय-पानी व्यवस्था को लेकर बहस शुरू हुई, जो बाद में आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई।

जिला पंचायत सदस्य ने विधायक निधि से खरीदे गए सामान में अनियमितता के आरोप लगाए, जबकि विधायक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रशासन के निर्देशों के पालन को लेकर गलतफहमी हुई।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्रीय राजनीति में चर्चा तेज हो गई है।

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन सतर्क है। एक ओर जहां जसपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बढ़ाई गई है, वहीं सल्ट में सियासी बयानबाजी के बीच माहौल गरमाया हुआ है।