चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव 2026 का आगाज़, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया वर्चुअल शुभारंभ
चम्पावत। जनपद चम्पावत की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुधवार को ‘चम्पावत सरस कॉर्बेट महोत्सव–2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
टनकपुर स्थित केंद्रीय जल आयोग कार्यालय के निकट मैदान में दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सात दिवसीय महोत्सव की शुरुआत हुई। देश के 10 से अधिक राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
37 से अधिक स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों ने स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए, वहीं पुस्तक मेले में 15 से अधिक प्रकाशकों ने सहभागिता की।
महोत्सव में बनारसी साड़ी, कश्मीरी हस्तशिल्प और पारंपरिक कला उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर “मुख्यमंत्री योग सखी दीदी अभियान” का भी शुभारंभ किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को योग के माध्यम से स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है।
विद्यालयी बच्चों ने पारंपरिक छोलिया नृत्य की प्रस्तुति दी। साथ ही नशा मुक्त भारत और टीबी मुक्त अभियान पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
साहसिक पर्यटन के तहत चूका में कैंपिंग, उचोलीगोंठ में पैरामोटरिंग, डांडा ककनई में पैराग्लाइडिंग और नंधौर वाइल्डलाइफ सैंचुरी में सफारी जैसी गतिविधियां भी शुरू की गईं।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।



