माल रोड मसूरी पर दौड़ेंगी 54 गोल्फ कार्ट, 2 चालकों पर 1 कार्ट मॉडल लागू
मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी अब आधुनिक, पर्यावरण–अनुकूल यातायात की ओर बड़ा कदम बढ़ाने जा रही है। जिला प्रशासन के नौ महीने लंबे प्रयासों के बाद माल रोड पर गोल्फ कार्ट सेवा का विस्तार किया जा रहा है।
वर्तमान में संचालित 14 गोल्फ कार्ट के साथ 40 नई कार्ट जुड़ने पर कुल संख्या 54 हो जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में मसूरी को गोल्फ कार्ट से लैस करने की विस्तृत योजना पिछले वर्ष तैयार की गई थी। वर्ष 2024 में 4 गोल्फ कार्ट से शुरू हुई यह पहल अब बड़े विस्तार की ओर है।
बिना राजकोष पर अतिरिक्त बोझ डाले प्रशासन ने 40 नई गोल्फ कार्ट धरातल पर उतारने की प्रक्रिया पूरी की है।
बताया गया कि कई दौर की बैठकों और प्रस्तुतियों के बाद भारत सरकार के उपक्रम ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (REC) से लगभग 3.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसके अतिरिक्त सीएसआर फंड से 3.36 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं।
प्रशासन अब “2 चालक पर 1 गोल्फ कार्ट” मॉडल लागू करेगा, जिससे वर्तमान रिक्शा चालकों की आजीविका सुरक्षित रहेगी। इस व्यवस्था के तहत दो रिक्शा चालकों को मिलकर एक गोल्फ कार्ट संचालित करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन का दावा है कि इस पहल से मसूरी में सुरक्षित, सुगम और प्रदूषणमुक्त यातायात को बढ़ावा मिलेगा। पारंपरिक रिक्शा धीरे-धीरे इतिहास बनेंगे और उनकी जगह आधुनिक ई-गोल्फ कार्ट लेंगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
माल रोड पर पर्यटकों को अब अधिक व्यवस्थित, आरामदायक और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिलेगा। प्रशासन के अनुसार, यह पहल मसूरी को देश के पहले ऐसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करेगी जहां संगठित रूप से गोल्फ कार्ट आधारित परिवहन मॉडल लागू होगा।



