विशेष रिपोर्ट: उत्तराखंड में बढ़ती असुरक्षा। देहरादून में दिनदहाड़े हत्या से लेकर रुड़की में हिंसा, जंगल से शहर तक खतरे और साइबर ठगी ने बढ़ाई चिंता

उत्तराखंड में बढ़ती असुरक्षा। देहरादून में दिनदहाड़े हत्या से लेकर रुड़की में हिंसा, जंगल से शहर तक खतरे और साइबर ठगी ने बढ़ाई चिंता

देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से आई ताजा घटनाओं ने कानून-व्यवस्था, सामाजिक संतुलन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े गोलीकांड, रुड़की में लाठी-डंडों की मारपीट, हरिद्वार और रुद्रप्रयाग में जंगली जानवरों की दस्तक, साइबर ठगी और पुलिस पर हमले की घटनाएं राज्य में बढ़ती असुरक्षा का संकेत दे रही हैं।

देहरादून: हाई-सिक्योरिटी ज़ोन में दिनदहाड़े हत्या

देहरादून के तिब्बती मार्केट-परेड ग्राउंड क्षेत्र में 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। अर्जुन जीएमएस रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के संचालक थे और बुधवार सुबह लॉन टेनिस खेलने पहुंचे थे।

खेल खत्म होने के बाद जैसे ही वह अपनी जीप में बैठने लगे, स्कूटी सवार दो युवकों ने बेहद करीब से फायरिंग कर दी। गोली उनकी छाती में लगी और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

घटना सचिवालय, पुलिस मुख्यालय और प्रेस क्लब से कुछ ही दूरी पर हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक प्रॉपर्टी विवाद और धमकियों से जूझ रहे थे तथा सुरक्षा की मांग भी कर चुके थे।

14 दिनों में 4 हत्याएं: बढ़ती हिंसा का संकेत

  • 29 जनवरी, विकासनगर: 12वीं की छात्रा की हत्या
  • 31 जनवरी, ऋषिकेश: घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या
  • 2 फरवरी, देहरादून: पलटन बाजार में युवती की गला रेतकर हत्या
  • 11 फरवरी, देहरादून: अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या

लगातार हो रही इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता बढ़ा दी है।

रुड़की: बच्चों के विवाद में परिजनों के बीच लाठी-डंडे

रुड़की के सिविल लाइन क्षेत्र में बच्चों के मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया। दोनों पक्षों के परिजन आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।

इसी जिले के माधोपुर गांव में एक युवक का रिहायशी इलाके में फिल्मी अंदाज में फायरिंग करते वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान में जुटी है।

रुद्रप्रयाग और हरिद्वार: जंगल से शहर तक खतरा

रुद्रप्रयाग के अपर बाजार क्षेत्र में देर रात गुलदार के घूमने का वीडियो सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत है। व्यापारियों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने की मांग की है।

वहीं हरिद्वार की गार्डन कॉलोनी में जंगली हाथियों के आबादी में घुसने से अफरा-तफरी मच गई। हाथियों को देखकर घबराए एक स्कूटी सवार युवक का एक्सीडेंट हो गया। वन विभाग ने हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया है।

जौनसार बावर के निमगा गांव में भालू के हमले में एक पशुपालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

देहरादून: रिटायर्ड कर्नल से 11 लाख की साइबर ठगी

राजधानी में शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर साइबर ठगों ने रिटायर्ड कर्नल से 11 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। व्हाट्सएप ग्रुप और फर्जी निवेश एप के जरिए ठगी को अंजाम दिया गया। साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

रुद्रपुर: पुलिस पर हमला, आरोपी को शरण देने वाला गिरफ्तार

रुद्रपुर में एंटी नारकोटिक्स टीम पर हुए पथराव के मामले में फरार आरोपी को शरण देने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि पुलिस पर हमला करने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सवालों के घेरे में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र

लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं, सामाजिक हिंसा, साइबर अपराध और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं यह संकेत दे रही हैं कि राज्य को बहुस्तरीय सुरक्षा रणनीति की जरूरत है।

  • संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने
  • लंबित शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई
  • साइबर जागरूकता अभियान
  • वन्यजीव-मानव संघर्ष रोकने के ठोस उपाय की मांग तेज हो रही है।

राज्य में हालिया घटनाओं ने साफ कर दिया है कि यदि समय रहते सख्त और समन्वित कदम नहीं उठाए गए, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।