बिग ब्रेकिंग: देहरादून में बजट संकट! थानों और यातायात ड्यूटी से 2900 PRD जवानों की छुट्टी

देहरादून में बजट संकट! थानों और यातायात ड्यूटी से 2900 PRD जवानों की छुट्टी

रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर
देहरादून। प्रदेश में बजट की कमी का असर अब प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों पर साफ नजर आने लगा है।

बजट समाप्त होने के चलते इस माह से थानों और यातायात व्यवस्था में तैनात 2900 पीआरडी जवानों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। इससे सुरक्षा व्यवस्था और स्वयंसेवकों के भविष्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2024 में चारधाम यात्रा के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में पीआरडी स्वयंसेवकों की ड्यूटी लगाई गई थी।

इसके लिए सरकार की ओर से करीब 32 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया था, लेकिन अब यह बजट समाप्त हो चुका है। बजट खत्म होने के कारण ही बड़ी संख्या में पीआरडी जवानों को ड्यूटी से हटा दिया गया है।

निदेशालय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल की ओर से इस संबंध में सभी जिला युवा कल्याण अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों के बाद जिलों में तैनात पीआरडी स्वयंसेवकों की सेवाएं चरणबद्ध तरीके से समाप्त की जा रही हैं।

प्रदेश में वर्तमान में 10 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवक पंजीकृत हैं, जिनमें से 7514 स्वयंसेवक विभिन्न विभागों में ड्यूटी पर तैनात हैं।

ये स्वयंसेवक सचिवालय, विधानसभा, आबकारी विभाग, आरटीओ, मंडी समिति, जल संस्थान, शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभाग समेत कई अहम विभागों में सेवाएं दे रहे हैं।

इनमें से 6608 पुरुष और 908 महिला स्वयंसेवक शामिल हैं। अचानक बड़ी संख्या में जवानों को हटाए जाने से न सिर्फ विभागीय कामकाज प्रभावित होने की आशंका है, बल्कि पीआरडी जवानों के सामने रोज़गार का संकट भी खड़ा हो गया है।

इधर, प्रांतीय रक्षक दल हित संगठन ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए आज बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। बैठक में आगे की रणनीति और आंदोलन को लेकर फैसला लिया जा सकता है।