क्राइम अपडेट: उत्तराखंड में अपराध, प्रशासनिक सख्ती और हादसों की तस्वीर, पढ़ें अपराध से जुड़ी बड़ी खबरें…..

उत्तराखंड में अपराध, प्रशासनिक सख्ती और हादसों की तस्वीर, पढ़ें अपराध से जुड़ी बड़ी खबरें…..

देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से सामने आई घटनाओं ने एक ओर जहां अपराध के बढ़ते तौर-तरीकों को उजागर किया है, वहीं दूसरी ओर पुलिस और प्रशासन की सख्ती भी साफ दिखाई दे रही है।

डिजिटल अरेस्ट कर 20 लाख की ठगी, आरोपी जयपुर से गिरफ्तार

देहरादून और कुमाऊं एसटीएफ ने 80 वर्षीय रिटायर्ड अधिकारी को डिजिटल अरेस्ट कर 20 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी महीम सिसौदिया (19 वर्ष) को जयपुर, राजस्थान से गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने खुद को दिल्ली क्राइम ब्रांच और सीबीआई अधिकारी बताकर तीन दिन तक व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर बुजुर्ग को डिजिटल अरेस्ट में रखा। आरोपी के खिलाफ देश के कई राज्यों में सात शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।

रामनगर में नाबालिग से दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाने का आरोप

रामनगर कोतवाली क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। दो नाबालिग आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।

हल्द्वानी में थार से स्टंट करना पड़ा भारी

हल्द्वानी-नैनीताल रोड पर थार से खतरनाक स्टंट करने वाले युवक ब्रह्मजोत सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वाहन को सीज कर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि स्टंटबाजी और कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

रुद्रपुर में संपत्ति विवाद, महिला पेट्रोल लेकर पहुंची एसएसपी कार्यालय

रुद्रपुर में संपत्ति विवाद से परेशान एक महिला पेट्रोल की बोतल लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। पुलिस की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। महिला को एसपी सिटी से मिलवाकर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया।

हल्द्वानी में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

हल्द्वानी में आईटीआई रोड और कार्यशाला रोड पर नगर निगम और प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध दुकानों, ठेलों और अतिक्रमण को ध्वस्त किया।

अधिकारियों ने दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। इससे पहले रामनगर में भी वन भूमि से अतिक्रमण हटाया गया था।

चमोली में डीजल टैंकर पलटा, हजारों लीटर डीजल सड़क पर बहा

ज्योतिर्मठ में निर्माणाधीन पुल के पास डीजल से भरा टैंकर पलट गया। हादसे में करीब 12 हजार लीटर डीजल सड़क पर फैल गया। प्राथमिक जांच में सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की कमी सामने आई है।

देहरादून नगर निगम का खजाना भरता जा रहा

नगर निगम देहरादून को वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक भवन कर और चालानी कार्रवाई से 35 करोड़ 89 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। निगम का लक्ष्य 75 करोड़ रुपये है। ऑनलाइन और व्हाट्सएप के जरिए टैक्स वसूली से आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।