महिला बनकर जाल बिछाया, लिंक भेजकर खाता बनवाया। अधिकारी से 1.16 करोड़ उड़ाए
रुद्रपुर। अल्मोड़ा में तैनात एक प्रशासनिक अधिकारी गोल्ड माइनिंग, फॉरेक्स ट्रेड और फर्जी निवेश वेबसाइट के झांसे में आकर 1 करोड़ 16 लाख 64 हजार 992 रुपए की भारी साइबर ठगी के शिकार हो गए। पीड़ित अधिकारी की तहरीर पर साइबर थाना रुद्रपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला का व्हाट्सएप मैसेज और ठगी का पूरा खेल
थाना पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2025 को पीड़ित अधिकारी के मोबाइल पर एक अज्ञात महिला का व्हाट्सएप संदेश आया।
महिला ने खुद को मुंबई निवासी बताते हुए दावा किया कि वह गोल्ड माइनिंग और फॉरेक्स ट्रेड से जुड़ी है। उसने ‘गोल्डन ब्रिज इन्वेस्टमेंट’ नामक कंपनी का हवाला देते हुए www.centuryispro.in नाम की वेबसाइट लिंक भेजी।
महिला ने पीड़ित की मेल आईडी लेकर खुद अकाउंट बनाया, फिर कहा कि कस्टमर सर्विस के सुझाए बैंक खातों में राशि जमा करने पर पैसा तेजी से बढ़ेगा।
79 लाख 40 हजार का निवेश, फिर टैक्स का जाल
महिला के बहकावे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग खातों में कुल 79,40,000 रुपये जमा कर दिए। जब उन्होंने पैसा निकालना चाहा तो महिला ने कहा कि निवेश ‘गोल्ड माइनिंग’ में लगा है और निकासी से पहले 30% इनकम टैक्स देना होगा। इसके बाद पीड़ित ने 37,24,992 रुपए और जमा कर दिए।
जीएसटी की मांग पर टूटा भरोसा
इसके बावजूद रकम वापस न मिलने पर अधिकारी ने महिला से दोबारा संपर्क किया तो इस बार आरोपी ने 18% जीएसटी के 42 लाख रुपए और जमा करने को कहा। इस पर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
1930 पर शिकायत, मुकदमा दर्ज
पीड़ित ने तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। साइबर थाना रुद्रपुर के प्रभारी दीपक चंद्र जोशी के अनुसार मामले में साइबर फ्रॉड से जुड़े खातों, लिंक, मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रेल की जांच जारी है। पीड़ित से ठगों ने कुल ₹1,16,64,992 रुपए हड़पे।



