बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन! 89 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, फिल्म जगत में शोक की लहर
देहरादून। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और हिंदी सिनेमा के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन हो गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार 89 वर्षीय धर्मेंद्र ने आज अंतिम सांस ली।
हालांकि उनके परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन उनके आवास से एक एम्बुलेंस के श्मशान घाट पहुंचने की पुष्टि हुई है। परिवार के सदस्य भी श्मशान पहुंचे हैं।
अस्पताल से घर लाए गए थे धर्मेंद्र
10 नवंबर को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने 12 नवंबर को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया था और आगे का इलाज घर पर रखने की सलाह दी थी। वे जुहू स्थित देओल बंगले में रह रहे थे, जहां उनके बेटे सनी देओल, उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर और बेटियां उनके साथ थीं।
फिल्म जगत में शोक—अमिताभ बच्चन पहुंचे श्मशान
धर्मेंद्र के निधन की खबर आते ही बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन विले पार्ले श्मशान घाट पहुंच चुके हैं।
फिल्ममेकर करण जौहर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा, “एक युग का अंत… भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े और हैंडसम मेगास्टार… सदैव याद किए जाएंगे…”
300 से ज्यादा फिल्मों में अमर किरदार
धर्मेंद्र ने फिल्म जगत में 7 दशकों से अधिक का सफर तय किया और 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया।
‘शोले’, ‘सीता और गीता’, ‘चुपके चुपके’, ‘धरम वीर’ जैसी उनकी सुपरहिट फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों पर राज करती हैं।
उनका मशहूर डायलॉग- “बसंती, इन कुत्तों के आगे मत नाचना” आज भी लोगों की ज़ुबान पर चढ़ा हुआ है।
रिलीज से पहले दुनिया को अलविदा
89 की उम्र में भी धर्मेंद्र फिल्मों में सक्रिय थे।
हाल ही में वे ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में नजर आए थे।
उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ (अगस्त्य नंदा अभिनीत) 25 दिसंबर को रिलीज होने जा रही है। दुर्भाग्य यह है कि रिलीज होने से पहले ही सिनेमा के इस महानायक ने दुनिया को अलविदा कह दिया।



