ऋषिकेश में एडवेंचर पार्क में बड़ा हादसा। बंजी जंपिंग की रस्सी टूटी, पर्यटक घायल। गतिविधियाँ बंद
ऋषिकेश। साहसिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहे शिवपुरी में बुधवार शाम एक गंभीर हादसा हो गया। थ्रिल फैक्ट्री एडवेंचर पार्क में बंजी जंपिंग के दौरान रस्सी टूटने से एक युवा पर्यटक नीचे गिर कर घायल हो गया। घटना के बाद पूरा क्षेत्र दहशत में आ गया और अब पर्यटन विभाग ने पार्क की सभी साहसिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
देखें वीडियो:-
युवक टिन की छत पर गिरा, AIIMS में भर्ती
जानकारी के अनुसार, गुड़गांव (हरियाणा) निवासी 24 वर्षीय सोनू कुमार 12 नवंबर की शाम शिवपुरी पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने बंजी जंपिंग के लिए छलांग लगाई, बीच में ही सुरक्षा रस्सी टूट गई और युवक नीचे मौजूद टिन की छत पर जा गिरा।
स्थानीय स्टाफ ने तुरंत उन्हें AIIMS ऋषिकेश पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि सोनू एक यूट्यूब व्लॉगर हैं और एडवेंचर एक्टिविटीज का प्रमोशनल वीडियो बनाने आए थे।
पुलिस: अभी तक कोई शिकायत नहीं
मुनि की रेती थाना प्रभारी प्रदीप चौहान के अनुसार, फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही कंपनी पर नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो वायरल, सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जंप के दौरान रस्सी टूटी दिख रही है। फुटेज वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने कंपनी की लापरवाही, सही सुरक्षा मॉनिटरिंग न होने, प्रशासन की कमजोर निगरानी पर सवाल उठाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने कहा कि यह हादसा दिखाता है कि रोमांच के नाम पर सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।
कंपनी का दावा – “सुरक्षा मानक पूरे हैं”
थ्रिल फैक्ट्री के जनरल मैनेजर राजेश का कहना है कि—
- सेटअप पूरी तरह इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के अनुसार है
- एडवेंचर स्पोर्ट्स में “1% रिस्क” हमेशा रहता है
- घटना की आंतरिक जांच की जा रही है
हालाँकि, कंपनी के इस बयान से स्थानीय लोगों की नाराजगी कम नहीं हुई है।
पर्यटन विभाग ने दी बड़ी कार्रवाई – गतिविधियाँ बंद
हादसे के बाद टिहरी गढ़वाल जिला पर्यटन अधिकारी सुबोध सिंह राणा ने जांच के आदेश देते हुए कहा जांच पूरी होने तक थ्रिल फैक्ट्री की सभी साहसिक गतिविधियाँ निलंबित रहेंगी।
यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि पहाड़ों में तेजी से बढ़ रहे साहसिक पर्यटन के साथ मजबूत सुरक्षा ढांचे और नियमित मॉनिटरिंग की कितनी आवश्यकता है।



