बड़ी खबर: देहरादून IT पार्क में अवैध लकड़ी कटान का पर्दाफाश, वन विभाग ने पकड़ी लकड़ी से भरी गाड़ी

देहरादून IT पार्क में अवैध लकड़ी कटान का पर्दाफाश, वन विभाग ने पकड़ी लकड़ी से भरी गाड़ी

देहरादून। राजधानी देहरादून में खुलेआम लकड़ी तस्करी का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह वन विभाग ने आईटी पार्क क्षेत्र में छापा मारकर अवैध पेड़ कटान की लकड़ी से भरी एक गाड़ी को पकड़ा।

वाहन को जब्त कर विभाग ने कानूनी कार्रवाई के लिए कोर्ट भेज दिया है। इस घटना से शहर में हड़कंप मच गया है और वन विभाग ने इलाके में गश्त और निगरानी बढ़ा दी है।

क्षेत्रीय वन प्रभाग मसूरी की टीम ने आईटी पार्क क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान लकड़ी से भरी एक संदिग्ध गाड़ी को रोका। जांच में पाया गया कि वाहन में अवैध रूप से काटे गए पेड़ की लकड़ी भरी हुई थी।

टीम ने तत्काल वाहन को जब्त कर रायपुर वन चौकी लाया और वहां सीज की कार्रवाई की। बाद में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर वाहन को कोर्ट भेजा गया।

रायपुर रेंज के उप वन क्षेत्र अधिकारी वीरेंद्र दत्त जोशी ने बताया कि वन विभाग की टीम रूटीन गश्त पर थी, जब यह वाहन पकड़ा गया। वाहन चालक कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और उसने दावा किया कि लकड़ी उसकी नाप भूमि की है।

हालांकि, बिना अनुमति पेड़ काटना वन अधिनियम का उल्लंघन है, इसलिए गाड़ी को जब्त कर लिया गया। जांच में यह सामने आया कि गाड़ी में तुन प्रजाति की लकड़ी के 12 से अधिक गिल्ट बरामद हुए हैं।

वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निजी भूमि पर भी किसी पेड़ को काटने के लिए विभाग से अनुमति लेना आवश्यक होता है।

विभाग आवेदक की आवश्यकता या सुरक्षा कारणों का आकलन करने के बाद ही अनुमति प्रदान करता है। पकड़े गए वाहन चालक के पास किसी तरह की परमिशन का दस्तावेज नहीं था, जिस वजह से यह कार्रवाई की गई है।

इस पूरी कार्रवाई की खास बात यह रही कि छापेमारी में महिला वनकर्मियों ने अग्रणी भूमिका निभाई। उप वन क्षेत्र अधिकारी वीरेंद्र दत्त जोशी ने बताया कि यह कार्रवाई महिला बीट अधिकारी रेखा नेगी और उनकी टीम ने की, जो अपने आप में सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है।

टीम में सहायक कर्मचारी कुंदन सिंह सहित कई अन्य कर्मियों ने भी सहयोग किया। वन विभाग ने पूरी टीम को उनके साहसिक और जिम्मेदाराना रवैये के लिए सराहा है।