बिग ब्रेकिंग: रुद्रपुर छात्रसंघ चुनाव हिंसा के फरार आरोपी के घर कुर्की नोटिस, अस्पताल में वायरल फोटो पर ASI सस्पेंड

रुद्रपुर छात्रसंघ चुनाव हिंसा के फरार आरोपी के घर कुर्की नोटिस, अस्पताल में वायरल फोटो पर ASI सस्पेंड

रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव के दौरान कॉलेज गेट पर हुई मारपीट और फायरिंग की घटना के बाद रुद्रपुर पुलिस एक्शन मोड में है। फरार आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी के घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ कुर्की का नोटिस चस्पा किया।

वहीं, इसी प्रकरण में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार आरोपी गगन रतनपुरिया की अस्पताल से वायरल हुई तस्वीर पर एसएसपी ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले एएसआई को सस्पेंड कर दिया है।

ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी, फरार आरोपी के घर नोटिस चस्पा

24 सितंबर को सरदार भगत सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर में छात्रसंघ चुनाव नामांकन के दौरान दो छात्र गुट आमने-सामने आ गए थे। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और माहौल बिगाड़ने के लिए दो युवकों ने असलहा निकालकर हवाई फायरिंग कर दी।

मामले में कोतवाली के एसएसआई नवीन बुधानी की तहरीर पर 15 नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 109/125/351(2)/352/190/191(2)/191(3)/61 BNS25-1(1-ख) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कई आरोपियों को चिह्नित किया और लगातार दबिश दी। 26 सितंबर को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि 27 सितंबर को पुलिस ने शक्तिफर्म क्षेत्र से मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में गगन के पैर में गोली लगी थी।

अब तक इस मामले में कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार चल रहे हैं। फरार आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं, जिस पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी करवाया और कुर्की की प्रक्रिया शुरू की।

गुरुवार को कोतवाली पुलिस टीम ढोल-नगाड़ों और मुनादी के साथ आरोपी मनप्रीत सिंह उर्फ गोपी, निवासी ग्राम गरीबपुरा, थाना बहेरी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के घर पहुंची। पुलिस ने आरोपी के घर और गांव के मुख्य द्वार पर कुर्की नोटिस चस्पा करते हुए उसे कोर्ट या कोतवाली में सरेंडर करने की चेतावनी दी।

गगन रतनपुरिया की ‘मूंछों में ताव’ वाली फोटो वायरल, एएसआई सस्पेंड

इसी बीच इस मामले में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए आरोपी गगन रतनपुरिया की अस्पताल में इलाज के दौरान खींची गई एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वायरल फोटो में गगन रतनपुरिया अस्पताल के बेड पर बैठा मूंछों में ताव देता नजर आ रहा है।

फोटो वायरल होने के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इसे गंभीरता से लिया और मामले की जांच के आदेश दिए। जांच में फोटो को सही पाया गया। इसके बाद एसएसपी ने अस्पताल में आरोपी की निगरानी में तैनात एएसआई पंकज उप्रेती को निलंबित कर दिया।

एसएसपी ने कहा कि अपराधियों को किसी भी हाल में हीरो नहीं बनने दिया जाएगा। पुलिस हिरासत या निगरानी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस का एक्शन जारी

पुलिस अब शेष फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि अगर आरोपी जल्द ही सरेंडर नहीं करते, तो उनकी संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।