उत्तराखंड में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी। देखें कब होगी मानसून की विदाई
Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे में राज्यभर में जोरदार बारिश हुई। देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई।
जौलीग्रांट में 99.5 मिमी, नैनबाग में 87.5 मिमी, मालदेवता में 77 मिमी, सहस्त्रधारा में 50 मिमी और चकराता में 40 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के मुताबिक आज शनिवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
सात जिलों में येलो अलर्ट
रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिलों में यलो अलर्ट जारी है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बौछारें, बिजली गिरने और भूस्खलन का खतरा बना रहेगा।
मार्ग और यातायात प्रभावित
लगातार हो रही बारिश से कई पहाड़ी मार्ग बाधित हुए हैं।
- ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग और श्रीनगर के बीच मलबा आने से यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा।
- गंगोत्री हाईवे पर भटवाड़ी के पास भूस्खलन की वजह से यातायात सुस्त पड़ा।
- टिहरी जिले के कई ग्रामीण मार्गों पर मलबा आने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
चारधाम यात्रा पर असर
- भारी बारिश का असर चारधाम यात्रा पर भी दिख रहा है।
- यमुनोत्री और गंगोत्री धाम जाने वाले यात्रियों को पुलिस और प्रशासन ने मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
- केदारनाथ और बद्रीनाथ यात्रा मार्ग पर कई जगह भूस्खलन की वजह से वाहन लंबा इंतजार कर रहे हैं।
- प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे केवल मौसम विभाग की अपडेट के आधार पर यात्रा की योजना बनाएं।
टिहरी में स्कूल बंद
टिहरी जिले में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है।
16 सितम्बर तक सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार 16 सितम्बर तक प्रदेश में लगातार बारिश के दौर जारी रहेंगे। इस दौरान विभिन्न जनपदों में कई चरणों में यलो अलर्ट लागू रहेगा।
मानसून की विदाई
आईएमडी ने संकेत दिए हैं कि देश से मानसून की विदाई प्रक्रिया 15 सितम्बर से शुरू हो सकती है। राजस्थान से मानसून के लौटने के 15–20 दिन बाद उत्तराखंड से भी इसकी विदाई हो जाती है। इस बार प्रदेश से मानसून सितंबर आखिर या अक्टूबर पहले सप्ताह में लौटने की संभावना है।