देहरादून को असुरक्षित बताने वाली ‘नारी 2025’ रिपोर्ट पर महिला आयोग का कड़ा रुख
देहरादून। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हाल ही में जारी ‘नारी 2025’ रिपोर्ट को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग ने पूरी तरह भ्रामक करार दिया है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि यह रिपोर्ट “आधारहीन, भ्रम फैलाने वाली और देहरादून की छवि धूमिल करने वाली” है।
दिल्ली में 28 अगस्त को जारी इस रिपोर्ट में 31 शहरों की 12,770 महिलाओं पर सर्वे किया गया था, जिसमें देहरादून को महिलाओं के लिए असुरक्षित शहरों में दिखाया गया।
इस पर कंडवाल ने कड़ा एतराज़ जताते हुए कहा, “सिर्फ 12,770 महिलाओं से कराए गए निजी सर्वे पर असुरक्षा का निष्कर्ष निकालना पूरी तरह भ्रामक है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बेहद संवेदनशील हैं और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत सख्त कार्रवाई होती है।”
राष्ट्रीय महिला आयोग का समर्थन नहीं
कंडवाल ने बताया कि पुस्तक विमोचन के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजय रहाटकर भी मौजूद थीं, लेकिन उन्होंने इस रिपोर्ट का समर्थन नहीं किया। रहाटकर ने स्पष्ट कहा कि इसका राष्ट्रीय महिला आयोग से कोई संबंध नहीं है।
महिला आयोग तलब करेगा रिपोर्ट
महिला आयोग जल्द ही पीवैल्यू एनालिटिक्स से इस रिपोर्ट से जुड़े सभी आंकड़े तलब करेगा। कुसुम कंडवाल ने कहा कि, “देहरादून को महिलाओं के लिए असुरक्षित बताना वास्तविकता से परे है। इस तरह के भ्रामक आंकड़े जनभावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”



